इंदौर, 16 मई 2026 (भाषा)
मध्यप्रदेश में देवास जिले में पटाखा कारखाने में विस्फोट से पांच मजदूरों की मौत के अगले दिन पड़ोसी इंदौर में प्रशासन ने सुरक्षा मानकों में कमियां पाए जाने पर तीन पटाखा कारखाने सील कर दिए।
देवास के हालिया हादसे और भीषण गर्मी को देखते हुए इंदौर में पटाखा गोदामों और कारखानों की जांच शुरू की गई है। अतिरिक्त जिलाधिकारी रोशन राय ने बताया कि खजुरिया गांव में एक पटाखा कारखाने का निरीक्षण किया गया, जहां सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर इस इकाई को सील कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि इसी तरह की कमियों के चलते राजधरा गांव में भी दो पटाखा कारखानों को सील कर दिया गया। उन्होंने बताया कि धतुरिया और पंचडेरिया क्षेत्रों में भी पटाखा कारखानों की आकस्मिक जांच की गई।
देवास जिले के टोंक कलां क्षेत्र में बृहस्पतिवार को पटाखा कारखाने में हुए धमाके में पांच मजदूरों की मौत हो गई थी, जबकि 23 श्रमिक घायल हो गए थे।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

