मोहन यादव ने कहा : सुन्दर क्षेत्र, समृद्ध धार्मिक विरासत और विविध वन्य जीवन जैसे आकर्षणों से मध्यप्रदेश बना पर्यटकों की पहली पसंद
भोपाल (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को कहा कि 2020 की तुलना में 2024 में राज्य में आने वाले घरेलू और विदेशी पर्यटकों की संख्या में 526 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने दावा किया कि मध्यप्रदेश पर्यटकों की पहली पसंद बन गया है जहां सुंदर आंतरिक क्षेत्र, समृद्ध धार्मिक विरासत और विविध वन्य जीवन जैसे प्रमुख आकर्षण हैं।
यादव ने राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक समृद्धि और अद्भुत वन्य जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा, ‘‘2020 की तुलना में 2024 में मध्यप्रदेश में आने वाले घरेलू और विदेशी पर्यटकों की संख्या में 526 प्रतिशत की वृद्धि हम सभी के लिए खुशी और गर्व की बात है।’’
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और विविध वन्य जीवन पर्यटकों को ‘‘अतुल्य मध्यप्रदेश’’ की ओर आकर्षित कर रहे हैं।
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव तथा मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध निदेशक शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि 2024 में रिकॉर्ड 13.41 करोड़ पर्यटक मध्यप्रदेश आए जो 2023 की तुलना में 19.6 फीसदी, 2019 की तुलना में 50.6 फीसदी तथा 2020 की तुलना में 526 फीसदी की वृद्धि है।
उन्होंने कहा, ‘‘13.41 करोड़ पर्यटकों का आगमन मध्यप्रदेश के भारत और विश्व के पर्यटन मानचित्र पर एक पसंदीदा पर्यटन स्थल के रूप में उभरने का प्रमाण है।’’

