पुणे, 13 जुलाई 2026 (भाषा)
महाराष्ट्र के पुणे जिले में सोमवार को वारकरी समुदाय की ‘वारी’ शोभायात्रा के साथ चल रहे एक ट्रक ने वारकरियों (भगवान विट्ठल के भक्तों) को टक्कर मार दी जिससे तीन महिलाओं की मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
दवा का असर और संभावित कारण
शुरुआती जांच से पता चला है कि 70 वर्षीय ट्रक चालक ने कथित तौर पर किसी दूसरी गाड़ी को ओवरटेक करते समय बाईं ओर गाड़ी मोड़ दी और महिलाओं को कुचल दिया। ट्रक चालक बीमार थे और उन्होंने बुखार-सर्दी जुकाम की दवा ली थी।
सुबह साढ़े आठ बजे हुआ हादसा
अधिकारियों ने बताया कि हादसा सुबह करीब साढ़े आठ बजे जेजुरी की ओर जाने वाले मार्ग पर बेलसर टोल प्लाजा से लगभग 500 मीटर दूर एक होटल के पास हुआ। यह जगह मुख्य ‘पालखी’ (पालकी) शोभायात्रा से 12 किलोमीटर आगे थी।
राज्यभर से वारकरी हर साल ‘वारी’ तीर्थयात्रा पर सोलापुर जिले के पंढरपुर शहर जाते हैं जहां वे आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर भगवान विठ्ठल के मंदिर में पूजा-अर्चना करते हैं। इस वर्ष आषाढ़ी एकादशी 25 जुलाई को मनाई जाएगी।
सात महिला वारकरियों को मारी टक्कर
पुलिस के मुताबिक, यातायात की सुगम आवाजाही के लिए सड़क को बीच में डिवाइडर लगाकर यातायात की व्यवस्था की गई थी; दाईं तरफ का रास्ता शोभायात्रा में शामिल गाड़ियों के लिए और बाईं तरफ का मार्ग पैदलयात्रियों के लिए तय किया गया था। हालांकि, कुछ वारकरी बीच-बीच में गाड़ियों वाली लेन में भी चल रहे थे। पुलिस अधीक्षक (पुणे ग्रामीण) संदीप सिंह गिल ने बताया, ‘‘नांदेड़ जिले के लोहा के रंगनाथ महाराज पोखरबिसिकर की डिंडी (तीर्थयात्रियों का समूह) का एक ट्रक वाहनों के लिए तय लेन से जेजुरी की ओर जा रहा था तभी उसने सांगली जिले के कसबे डिग्रज की एक डिंडी की सात महिला वारकरियों को टक्कर मार दी।’’
चार महिलाओं की हालत गंभीर, अस्पताल के ICU में भर्ती
शुरुआती जांच से पता चला है कि 70 वर्षीय ट्रक चालक की तबीयत ठीक नहीं थी और उन्होंने बुखार और सर्दी-जुकाम की दवा ली थी। उन्होंने बताया कि किसी दूसरी गाड़ी से आगे निकलने की कोशिश में उसने ट्रक को बाईं ओर मोड़ा और महिलाओं को कुचल दिया। इस हादसे में सांगली जिले के मिरज तालुका की रहने वाली नंदा पवार (60), माधवी राजाराम सलगारे (55) और राजश्री शंकर भोसले (55) की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घायल चार महिलाओं को इलाज के लिए जेजुरी के एक अस्पताल के गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने घायलों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई तथा यातायात प्रबंधन और अन्य कानूनी औपचारिकताओं की निगरानी की।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

