पुणे, 26 अगस्त 2025 (भाषा)
महाराष्ट्र के पुणे शहर में बाइक के शोरूम-सह-सर्विस सेंटर में आग लगने से लगभग 60 दोपहिया वाहन जलकर नष्ट हो गए। बाइक शोरूम में आग से बिजली के तार, मशीनरी, बैटरियां, स्पेयर पार्ट्स, कंप्यूटर, फर्नीचर और दस्तावेज भी नष्ट हो गए।
शोरूम के ग्राउंड फ्लोर पर आग
बाइक शोरूम में आग सोमवार रात लगभग साढ़े आठ बजे ताराबाग इलाके के बंड गार्डन रोड पर तीन मंजिला इमारत के भूतल पर हुई, जहां टीवीएस का शोरूम और सर्विस सेंटर स्थित है। सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ियां और पानी का टैंकर घटनास्थल पहुंचा। ‘‘मौके पर पहुंचे हमारे कर्मियों ने देखा कि सर्विस सेंटर में भीषण आग लगी थी, जिसमें कई वाहन जल रहे थे और वहां से घना धुआं निकल रहा था।’’ शोरूम में सोमवार रात को आग लगी जिसके बाद धुएं के कारण एक व्यक्ति परिसर में फंस गया था ‘‘धुएं में फंसे एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दमकल कर्मियों ने लगभग 30 मिनट में आग पर काबू पा लिया।’’
आग लगने का कारण अज्ञात
लगभग 60 जले हुए वाहनों में कई पेट्रोल चालित और इलेक्ट्रिक वाहन शामिल थे, जिनमें कुछ नए थे और कुछ मरम्मत के लिए लाए गए थे। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

