पालघर स्कूल में 100 उठक बैठक की सजा के बाद हुई थी छात्र की मौत, शिक्षक गिरफ्तार

पालघर स्कूल में 100 उठक बैठक की सजा के बाद हुई थी छात्र की मौत, शिक्षक गिरफ्तार
Share this news

पालघर, 20 नवंबर 2025 (भाषा)

महाराष्ट्र के पालघर जिले में देर से स्कूल आने पर 100 उठक बैठक लगाने के लिए मजबूर किए जाने के कारण छठी कक्षा की एक छात्रा की मौत के मामले में एक महिला शिक्षिका को गिरफ्तार किया गया है।

वालिव पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि इस मामले में वसई क्षेत्र के सातिवली स्थित निजी स्कूल से शिक्षका को हटा दिया गया था और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत गैर इरादतन हत्या (जो हत्या की श्रेणी में नहीं आती) का मामला दर्ज किया गया है।

100 उठक-बैठक के लिए छात्रा को किया मजबूर

घटना के मुताबिक आठ नवंबर को देर से स्कूल पहुंचने के कारण एक छात्रा को 100 उठक-बैठक करने के लिए मजबूर किया गया था। छात्रा की मां ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की मौत शिक्षिका द्वारा दी गई एक “अमानवीय सजा” के कारण हुई है, शिक्षक ने उसे पीठ पर स्कूल बैग रखकर उठक बैठक करने को मजबूर किया था।

सजा बर्दाश्त नहीं कर सकी छात्रा गई जान

एक अधिकारी ने बताया कि छात्रा (13) को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं और वह सजा बर्दाश्त नहीं कर सकी जिससे उसकी तबियत खराब हो गई और उसे मुंबई के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां सात दिन बाद उसकी मृत्यु हो गई। छात्रा की मौत ने स्थानीय लोगों और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन को भड़का दिया, जिसके बाद पुलिस को इस संबंध में मामला दर्ज करना पड़ा।

पुलिस ने मंगलवार रात को संबंधित शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। शिक्षा विभाग ने घटना की जांच शुरू कर दी है। वसई-विरार नगर निगम ने भी इस मामले में अपनी ओर से जांच शुरू कर दी है।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements