पुणे, 12 अगस्त 2025 (भाषा) महाराष्ट्र के पुणे में पिकअप वैन खाई में गिर गई जिससे मंदिर जा रही दस महिलाओं की मौत हो गई और 30 अन्य लोग घायल हो गए।
जानें कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?
चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण पिकअप वैन 25 से 30 फुट नीचे जा गिरी। वाहन में करीब 40 यात्री सवार थे, जिनमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे थे। यह दुर्घटना दोपहर करीब एक बजे हुई, जब पापलवाड़ी गांव के लोग खेड़ तहसील में श्री क्षेत्र महादेव कुंडेश्वर मंदिर जा रहे थे। स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
‘‘दुर्घटना में 10 महिलाओं की मौत हो गई तथा 30 अन्य लोग घायल हो गए हैं। घटनास्थल पर कई एम्बुलेंस भेजी गईं और घायलों को पास के अस्पतालों में पहुंचाया गया है।’’
मृतकों की पहचान:
- मंडाबाई दारेकर (50)
- संजाबाई दारेकर (50)
- मीराबाई चोरघे (50)
- शोभा पापल (33)
- सुमन पापल (30)
- शकुबाई चोरघे (50)
- शारदा चोरघे (45)
- बैदाबाई दारेकर (45)
- पार्वती पापल (56)
- फासाबाई सावंत (61)
ये सभी महिलाएं खेड तहसील के पापलवाड़ी गांव की निवासी थीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुःख
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पुणे में दुर्घटना में हुई लोगों की मौत से उन्हें गहरा दुख हुआ है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने कहा “प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।’’
सीएम फडणवीस ने किया मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की। फडणवीस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।’’
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

