उन्नाव में वरमाला की रस्म के बाद दुल्हन अपने प्रेमी के संग फरार

उन्नाव में वरमाला की रस्म के बाद दुल्हन अपने प्रेमी के संग फरार
Share this news

उन्नाव (उप्र), 01 दिसंबर 2025 (भाषा)

उन्नाव जिले में एक शादी समारोह में उस समय हंगामा मच गया जब वरमाला की रस्म के तुरंत बाद दुल्हन अपने प्रेमी के संग फरार हो गई। पुलिस ने सोमवार को बताया कि यह घटना शनिवार देर रात पुरवा पुलिस थाने के एक गांव में हुई।

जयमाला के बाद अचानक फरार हुई दुल्हन

पुलिस के मुताबिक, अजयपुर गांव में एक बारात पहुंची थी, जहां वर और वधू पक्ष के परिवारों ने पारंपरिक ‘द्वार चार’ और अन्य रस्में पूरी कीं। दूल्हा-दुल्हन ने रिवाज के मुताबिक एक-दूसरे को वरमाला पहनायी। इसके तुरंत बाद दुल्हन अपने कमरे में चली गई जबकि दूल्हे का परिवार दूसरी तैयारियों में व्यस्त हो गया। बाद में जब परिवार के सदस्य फेरे की रस्म के लिए दुल्हन को बुलाने के लिए गए तो वह कमरे में नहीं मिली।

दुल्हन के पिता ने की दुल्हन के प्रेमी से बात

पुलिस ने बताया कि काफी ढूंढने के बाद भी वह नहीं मिली तो बाद में परिवारों को जानकारी मिली कि एक स्थानीय युवक दुल्हन को अपने साथ ले गया है। पुलिस ने बताया कि दुल्हन के पिता ने उस लड़के से फ़ोन पर बात की, जिसके बाद दुल्हन ने खुद अपने पिता से बात की। उसने अपने प्रेमी के साथ रहने और उससे शादी करने की इच्छा जताई।

बिना दुल्हन के लौट गई बारात

एक चश्मदीद ने बताया कि इस घटनाक्रम से स्तब्ध दोनों परिवारों के बीच कहासुनी हुई और दूल्हे पक्ष के लोगों को खाली हाथ ही वहां से लौटना पड़ा। दुल्हन के पिता ने पुरवा पुलिस थाने में उसके प्रेमी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements