नोएडा (उप्र), 25 अगस्त 2025 (भाषा)
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में 21 अगस्त को दहेज हत्याकांड का एक मामला सामने आया था जिसमे दहेज़ के लिए 26 वर्षीय निक्की भाटी की जिन्दा जला कर हत्या हत्या कर दी थी। इस मामले में उसके ससुर और जेठ को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
आरोपियों की पहचान सतवीर भाटी (55) और रोहित भाटी (28) के रूप में हुई है, जिन्हें कासना पुलिस ने एक गुप्त सूचना और खुफिया जानकारी के आधार पर सिरसा टोल चौराहे के पास से गिरफ्तार किया। निक्की का पति विपिन भाटी, जेठ रोहित, सास और ससुर उन लोगों में शामिल हैं जिनका नाम प्राथमिकी में आरोपियों के रूप में दर्ज है। चारों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जलने का विडियो हुए प्रसारित
निक्की भाटी को उसके पति विपिन भाटी और ससुराल वालों ने बृहस्पतिवार रात ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव स्थित उसके घर में पीटा और फिर आग लगा दी। निक्की और उसकी बड़ी बहन कंचन दोनों की शादी एक ही परिवार में हुई थी। घटना के संबंध में कंचन द्वारा बनाए गए विचलित करने वाले वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुए। एक वीडियो क्लिप में दिखाई दे रहा है कि निक्की को बाल पकड़कर घसीटा जा रहा है जबकि एक अन्य वीडियो क्लिप में उसे आग की लपटों में सीढ़ियों से नीचे उतरते और फिर गिरते हुए दिखाया गया है।
विपिन भाटी को पुलिस ने किया था एनकाउंटर
विपिन भाटी को शनिवार को गिरफ्तार किया गया था और बाद में रविवार को पुलिस हिरासत से भागने की कथित कोशिश के दौरान उसके पैर में गोली मार दी गई। उसकी मां दया (55) को भी उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि जब विपिन को सबूत इकट्ठा करने के लिए ले जाया जा रहा था तो उसने एक उप निरीक्षक की बंदूक छीन ली और अधिकारियों पर गोली चलायी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस घटना को लेकर लोगों में काफी आक्रोश है।
दहेज़ के लिए करते थे प्रताड़ित
निक्की के परिवार ने आरोप लगाया कि 2016 में शादी के बाद से ही निक्की को प्रताड़ित किया जा रहा था और ससुराल वालों की दहेज की मांग बढ़ती जा रही थी। परिवार ने कहा कि उन्होंने पहले ही बेटी के ससुराल वालों को एक स्कॉर्पियो एसयूवी, एक मोटरसाइकिल और सोने के आभूषण दिए थे, लेकिन बाद में वे 36 लाख रुपये नकद और एक लग्जरी कार देने की भी मांग करने लगे।
निक्की पर जलनशील तरल पदार्थ डालकर लगाई आग
निक्की की बड़ी बहन कंचन की शादी विपिन के बड़े भाई रोहित से हुई है और वह इस घटना की गवाह है। उसने संवाददाताओं को बताया कि निक्की को उसके बेटे के सामने पीटा गया। उसने पुलिस को यह भी बताया कि निक्की पर जलनशील तरल पदार्थ डालकर आग लगा दी गई थी। पुलिस के अनुसार, दिल्ली के एक अस्पताल ले जाते समय निक्की की मौत हो गई।
मृतका के पिता भिखारी सिंह ने बताया कि उनकी दो बेटियों कंचन (29) और निक्की (26) की शादी 2016 में क्रमश: रोहित भाटी और विपिन भाटी से हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘तब से वे दोनों बेटियों को प्रताड़ित कर रहे थे और दहेज की मांग कर रहे थे।’’
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

