कोलकाता, 07 मई 2026 (भाषा)
विधानसभा चुनाव परिणाम आने के महज 48 घंटे बाद अपने बेटे की मौत से स्तब्ध चंद्रनाथ रथ की मां ने बृहस्पतिवार को दोषियों को उम्रकैद की सजा देने की मांग की और दावा किया कि यह हत्या भवानीपुर में शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ ममता बनर्जी की हार का बदला है।
चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या
अधिकारी के कार्यकारी सहायक रथ की बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे मध्यमग्राम के डोलतला इलाके में मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने उनकी गाड़ी को रोककर नजदीक से गोली चलाई और फिर फरार हो गए।
मैं दोषियों के लिए उम्रकैद की मांग करूंगी………
रथ की मां ने टीवी चैनलों से कहा, ‘‘एक मां होने के नाते मैं किसी के लिए मौत की सजा नहीं मांग सकती। लेकिन मैं दोषियों के लिए उम्रकैद की मांग करूंगी।’’ शोकाकुल मां ने दावा किया कि यह हत्या ‘‘भवानीपुर में ममता बनर्जी की हार का बदला’’ है।
टीएमसी नेताओं ने दी थी धमकी
उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के बयानों का हवाला देते हुए कहा कि जब शुभेंदु अधिकारी शांतिपूर्ण मतदान की अपील कर रहे थे, तब तृणमूल सार्वजनिक रूप से कह रही थी कि चार मई के नतीजों के बाद ‘‘दिल्ली का कोई नेता भाजपा कार्यकर्ताओं को नहीं बचा पाएगा।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘उन्होंने (तृणमूल नेताओं ने) अपनी बात सच साबित कर दी।’’
उन्होंने कहा कि उनके बेटे को नंदीग्राम और भवानीपुर चुनावों की विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई थी। रथ की मां ने स्थानीय टीवी चैनलों से बातचीत में आरोप लगाया, ‘‘अगर उसकी मौत किसी दुर्घटना में होती तो मुझे इतना दुख नहीं होता। उसे नंदीग्राम और भवानीपुर चुनावों की जिम्मेदारी दी गयी थी और इसी वजह से उसे निशाना बनाया गया।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

