कोलकाता, 02 मई 2026 (भाषा)
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की दो विधानसभा सीट के 15 मतदान केंद्र पर जारी पुनर्मतदान प्रक्रिया के शुरुआती दो घंटे में 16 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया।
मगराहाट–डायमंड हार्बर में शांतिपूर्ण मतदान जारी
मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 और डायमंड हार्बर के चार मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण जारी है। चुनावी धांधली की जानकारी मिलने पर निर्वाचन आयोग ने इस सीट पर पुनर्मतदान का एक दिन पहले आदेश दिया था। अधिकारी ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक प्रक्रिया जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि सुबह नौ बजे तक लगभग 16.23 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
केंद्रीय बल तैनात, वेबकास्टिंग से निगरानी
निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मगराहाट पश्चिम में 16.68 प्रतिशत और डायमंड हार्बर में 15.83 प्रतिशत मतदान हुआ। निर्वाचन आयोग के अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘अब तक मतदान शांतिपूर्ण रहा है और दोनों विधानसभा क्षेत्रों में हिंसा या अशांति की कोई घटना सामने नहीं आई है। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में केंद्रीय बलों की पर्याप्त संख्या है। वेबकास्टिंग भी जारी है और हम पूरी प्रक्रिया पर नजर रख रहे हैं।’’
बड़े पैमाने पर चुनावी धांधली का आरोप
इन दोनों विधानसभा सीट पर 29 अप्रैल को मतदान हुआ था। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि पुनर्मतदान का आदेश दोनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन अधिकारियों और पर्यवेक्षकों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर दिया गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया कि डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र की इन दोनों विधानसभा सीट के कुछ मतदान केंद्रों पर बड़े पैमाने पर चुनावी धांधली हुई थी। डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी करते हैं। निर्वाचन आयोग ने आरोपों की जमीनी स्तर पर जांच के लिए अपने विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता को नियुक्त किया था।

मगराहाट पश्चिम : TMC vs BJP, मैदान में उतरे 4 चेहरे
मगराहाट पश्चिम सीट पर तृणमूल कांग्रेस के मोहम्मद समीम अहमद मोल्ला का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी गौर सुंदर घोष से है, जबकि कांग्रेस के अब्दुल मजीद हलदर और इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) के अब्दुल अजीज अल हसन भी मैदान में हैं।
डायमंड हार्बर : TMC vs BJP में सीधी टक्कर
डायमंड हार्बर सीट पर तृणमूल के पन्ना लाल हलदर, भाजपा के दीपक कुमार हलदर को चुनौती दे रहे हैं। कांग्रेस के गौतम भट्टाचार्य और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के समर नाइया समेत कई अन्य प्रत्याशी भी इस सीट पर किस्मत आजमा रहे हैं।
चार मई को घोषित होंगे नतीजे
इस बीच, निर्वाचन आयोग शनिवार को फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान पर फैसला करेगा। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच दो चरणों 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को संपन्न हुए थे। नतीजे चार मई को घोषित किए जाएंगे।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

