बिहार : नामांकन प्रक्रिया शुरू, राजद ने राजग नेताओं को तोड़ा, भाजपा में पूर्व सांसद की वापसी

नामांकन प्रक्रिया शुरू, राजद ने राजग नेताओं को तोड़ा, भाजपा में पूर्व सांसद की वापसी
Share this news

पटना, 11 अक्टूबर 2025 (भाषा)

बिहार में शुक्रवार से विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। इसी बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को झटका दिया और भाजपा नेतृत्व वाले इस गठबंधन के कम से कम तीन प्रमुख नेताओं को अपने पाले में कर लिया।

माकपा के दोनों विधायक करेंगे नामांकन दाखिल

‘इंडिया’ गठबंधन की छोटी सहयोगी पार्टियों में हालांकि नाराजगी बढ़ती दिख रही है। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने घोषणा की कि उसके दोनों वर्तमान विधायक अगले सप्ताह नामांकन दाखिल करेंगे, जबकि शेष नौ सीट पर सहमति का इंतजार किया जा रहा है जिन पर पार्टी चुनाव लड़ना चाहती है। अब तक केवल प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने ही अपने कुछ उम्मीदवारों के नाम सार्वजनिक किए हैं।

कुशवाहा ने तोड़ा नीतीश कुमार की पार्टी से नाता

पहले चरण में 121 सीट पर मतदान होना है। पहले दिन केवल दो उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया, जिनमें से कोई भी किसी मान्यता प्राप्त दल से नहीं था। इस बीच राजद नेता तेजस्वी यादव ने अपनी पार्टी में जदयू छोड़ने वाले दो बार के पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा का स्वागत किया। कुशवाहा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी से नाता तोड़ लिया। कुशवाहा के साथ पूर्व जदयू के विधायक राहुल शर्मा और लोक जनशक्ति पार्टी (चिराग गुट) के पूर्व प्रत्याशी अजय कुशवाहा ने भी राजद का दामन थाम लिया।

कांग्रेस औराजद के आधा दर्जन विधायक भाजपा में शामिल

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पलटवार की तैयारी जताते हुए दावा किया कि अगले कुछ दिनों में कांग्रेस और राजद के आधा दर्जन विधायक भाजपा में शामिल होंगे। दिलीप जायसवाल ने यह खुलासा नहीं किया कि ये छह विधायक कौन हैं, लेकिन राजनीतिक हलकों में कयास हैं कि राजद के चार और कांग्रेस के दो विधायक अब औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल हो सकते हैं, इन्होंने पिछले वर्ष राजग का रुख किया था । इनमें से कुछ को पिछली बार ‘इंडिया’ गठबंधन से जीती सीट पर फिर से टिकट भी मिल सकता है।

‘इंडिया’ गठबंधन में मतभेद बरकरार

इस बीच, सीट बंटवारे को लेकर ‘इंडिया’ गठबंधन में मतभेद बरकरार हैं। माकपा ने घोषणा की कि उसके विधायक सत्येंद्र यादव और अजय कुमार 14 और 16 अक्टूबर को ‘‘महागठबंधन समर्थित उम्मीदवार’’ के रूप में नामांकन दाखिल करेंगे। यह घोषणा पार्टी महासचिव एम. ए. बेबी की मौजूदगी में की गई। बेबी ने बृहस्पतिवार रात देर से तेजस्वी यादव से मुलाकात कर चुनाव रणनीति पर चर्चा की थी।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements