कांग्रेस ने अपने शासन में वोट के लिए असम की जमीन घुसपैठियों को सौंप दी : प्रधानमंत्री मोदी

कांग्रेस ने अपने शासन में वोट के लिए असम की जमीन घुसपैठियों को सौंप दी : प्रधानमंत्री मोदी
Share this news

कलियाबोर (असम), 18 जनवरी 2026 (भाषा)

प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने पूर्वोत्तर राज्य असम में अपने शासनकाल के दौरान वोट के लिए घुसपैठियों को जमीन सौंप दी।

मोदी ने कांग्रेस पर लगाया आरोप

मोदी ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि असम में कांग्रेस शासन के दौरान दशकों तक घुसपैठ बढ़ती रही तथा अवैध प्रवासी वनों, जानवरों के गलियारों और पारंपरिक संस्थानों पर अतिक्रमण करते रहे। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा सरकार अतिक्रमण करने वाले घुसपैठियों को निष्कासित करके असम की पहचान और संस्कृति की रक्षा कर रही है।’’

देश में मतदाताओं की पहली पसंद भाजपा : मोदी

मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने लोगों का भरोसा खो दिया है क्योंकि वह ‘‘नकारात्मक राजनीति का संदेश’’ देती है और अब देश में मतदाताओं की ‘‘पहली पसंद’’ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) है। उन्होंने कहा, ‘‘मतदाता सुशासन और विकास के लिए भाजपा पर भरोसा करते हैं। बिहार चुनाव में लोगों ने 20 साल सत्ता में रहने के बाद भी पार्टी को रिकॉर्ड संख्या में वोट और सीट दीं।’’

PM addressing the gathering at Bhoomi Poojan on the sidelines of the foundation stone laying of Kaziranga Elevated Corridor Project & flagging-off 2 new Amrit Bharat Express trains held at Kaliabor, in Assam on January 18, 2026.

मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र के नगर निकाय चुनाव में भी लोगों ने भाजपा को वोट दिया और केरल में भी ‘‘अब हमारे पास पार्टी का एक महापौर’’ है।

अमृत भारत ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

प्रधानमंत्री नगांव जिले में एक रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस दौरान 6,957 करोड़ रुपये की ‘काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर’ परियोजना की आधारशिला रखी और दो ‘अमृत भारत’ ट्रेन को डिजिटल माध्यम से हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा कि काजीरंगा कॉरिडोर बाढ़ के दौरान वन्यजीवों को सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने में मदद करेगा। मोदी ने दावा किया कि भाजपा सरकार के प्रयासों से यह सुनिश्चित हुआ कि 2025 में असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में शिकार के कारण कोई गैंडा नहीं मारा गया।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत ने दुनिया को दिखा दिया है कि पारिस्थितिकी की सुरक्षा और अर्थव्यवस्था का विकास, दोनों साथ-साथ संभव है।’’

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements