तेलंगाना की दवा फैक्टरी विस्फोट में मरने वालों की संख्या 34 हुई : अधिकारी

तेलंगाना की दवा फैक्टरी विस्फोट में मरने वालों की संख्या 34 हुई : अधिकारी
Share this news

संगारेड्डी (तेलंगाना), 1 जुलाई 2025 (भाषा)

तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में पशम्यलारम में ‘सिगाची इंडस्ट्रीज’ के दवा फैक्टरी विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 34 हो गई है।

मलबे में मिले 31 शव : तेलंगाना विस्फोट

जिला पुलिस अधीक्षक परितोष पंकज ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘मलबे को हटाते समय उसके नीचे कई शव बरामद किए गए हैं। मलबे से 31 शव निकाले गए हैं, जबकि तीन लोगों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बचाव अभियान का अंतिम चरण अब भी जारी है।’’

विस्फोट का कारण अस्पष्ट

तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में दवा फैक्टरी विस्फोट का कारण अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है संदेह है कि सोमवार का यह भीषण हादसा संभवत: किसी रासायनिक प्रतिक्रिया की वजह से हुआ, जिससे आग भी लग गई।

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री दामोदर राजा नरसिम्हा ने संवाददाताओं को बताया कि जब विस्फोट हुआ तब संयंत्र में लगभग 90 लोग काम कर रहे थे।

कंपनी की वेबसाइट के अनुसार सिगाची इंडस्ट्रीज लिमिटेड एक दवा निर्माण कंपनी है।

प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता : कंपनी

कंपनी ने कहा कि वह जानमाल के नुकसान पर गहरा शोक व्यक्त करती है और मृतकों के परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करती है। कंपनी ने इस बात पर जोर दिया कि इकाई का बीमा हुआ था। कंपनी ने प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन भी दिया।

सीएम ए रेवंत रेड्डी दुर्घटना स्थल का करेंगे दौरा

स्वास्थ्य मंत्री दामोदर राजा नरसिम्हा ने बताया कि मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी मंगलवार सुबह दुर्घटना स्थल का दौरा करेंगे।

इससे पहले, एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने घटना पर दुख जताया और अधिकारियों को फंसे हुए श्रमिकों को बचाने के लिए हरसंभव कदम उठाने तथा उन्हें आधुनिक उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

तेलंगाना राज्य आपदा मोचन और अग्निशमन सेवा के महानिदेशक वाई नागी रेड्डी ने कहा कि संदेह है कि विस्फोट संयंत्र की सुखाने वाली (ड्राइंग) इकाई में हुआ था। हालांकि, पुलिस महानिरीक्षक (मल्टीजोन) वी सत्यनारायण ने संवाददाताओं से कहा कि यह रिएक्टर विस्फोट का मामला था।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements