पेशावर, 15 अक्टूबर 2026 (भाषा)
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की राजधानी पेशावर में बृहस्पतिवार को एक निजी स्कूल की छत गिरने से कम से कम 28 बच्चों और एक शिक्षिका की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोग घायल हो गए।
पुलिस ने स्कूल के मालिक को किया गिरफ्तार
पेशावर के कैपिटल सिटी पुलिस प्रमुख मियां सईद ने बताया कि हादसा शहर के अंदरूनी इलाके में स्थित दिर कॉलोनी में हुआ। उन्होंने बताया कि स्कूल के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
28 मासूमों और शिक्षिका की मौत
लेडी रीडिंग अस्पताल के प्रवक्ता मुहम्मद आसिम के अनुसार, हादसे में 28 विद्यार्थियों की मौत हुई, जिनमें छह लड़कियां शामिल हैं। एक शिक्षिका की भी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे में 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों के उपचार के लिए अस्पताल में आपात स्थिति घोषित कर दी गई है। आसिम ने कहा कि हादसे में मारे गए सभी बच्चों की उम्र 13 वर्ष या उससे कम थी।
मलबे में फंसे बच्चों और कर्मचारियों की तलाश जारी
पेशावर के उपायुक्त अफाक वजीर ने इमारत ढहने की घटना की जांच के आदेश दिए हैं। बचाव दल मलबा हटाने और उसके नीचे फंसे बच्चों तथा स्कूल कर्मचारियों की तलाश में जुटे हैं।
पीएम शहबाज शरीफ ने जताया गहरा दुख
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि उन्हें सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
विदेश से जुडी और ख़बरें पढने के लिए यहां क्लिक करें

