ट्रंप के सहयोगी नवारो ने रूसी तेल खरीद को लेकर फिर की भारत की आलोचना

ट्रंप के सहयोगी नवारो ने रूसी तेल खरीद को लेकर फिर की भारत की आलोचना
Share this news

न्यूयॉर्क, 07 सितंबर 2025 (भाषा)

व्हाइट हाउस के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो ने रूसी तेल की खरीद जारी रखने के लिए एक बार फिर भारत की आलोचना की है। नवारो ने पिछले कुछ हफ्तों में रूस के साथ ऊर्जा संबंधों को लेकर भारत पर कई बार निशाना साधा है।


नवारो का गुस्सा और मस्क पर निशाना

पीटर नवारो ने शनिवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ वाह, एलन मस्क लोगों के पोस्ट से दुष्प्रचार को बढ़ावा दे रहे हैं। नीचे दिया गया बकवास नोट भी यही है। बकवास। भारत रूस से तेल सिर्फ मुनाफा कमाने के लिए खरीदता है। रूस के यूक्रेन पर आक्रमण करने से पहले वह तेल नहीं खरीदता था। भारतीय सरकार की प्रचार मशीन तेजी से आगे बढ़ रही है। यूक्रेनियों को मारना बंद करो। अमेरिकियों की नौकरियां छीनना बंद करो।’’

नवारो ने उनकी पिछले पोस्ट पर किए गए एक ‘कम्युनिटी पोस्ट’ के उत्तर में यह जवाब दिया था। उस पोस्ट में उन्होंने कहा था कि भारत रूस से जो तेल खरीद रहा है उससे रूसी युद्ध तंत्र को पैसा मिल रहा है।


भारत ने पहले ही बता दिया है झूठा

कम्युनिटी पोस्ट में नवारो के दावों को ‘‘पाखंड’’ बताया गया। इसमें कहा गया, ‘‘ ऊर्जा सुरक्षा के लिए भारत द्वारा रूसी तेल की वैध, संप्रभु ख़रीद अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन नहीं है। अमेरिका भारत पर दबाव डाल रहा है जबकि खुद अरबों डॉलर के रूसी सामान जैसे यूरेनियम का आयात जारी रखे हुए है, जो उसके दोहरे मापदंड को साफ़ तौर पर उजागर करता है।’’

‘एक्स’ के अनुसार कम्युनिटी नोट्स का उद्देश्य ‘‘ऐसी दुनिया बनाना है जहां लोगों को सही जानकारी हो’’ और इसके लिए सोशल मीडिया मंच पर लोगों को यह मौका दिया जाता है कि वे ‘‘संभावित रूप से भ्रामक पोस्ट्स में संदर्भ जोड़ सकें।’’

विदेश से जुडी और ख़बरें पढने के लिए यहां क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements