इस्लामाबाद, 24 जनवरी 2026 (भाषा)
उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में भारी बर्फबारी के बीच हुए एक भीषण हिमस्खलन में एक ही परिवार के कम से कम नौ सदस्यों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि हिमस्खलन की चपेट में आने से उनका घर पूरी तरह मलबे में दब गया।
कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त
‘डॉन’ अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को हुई भारी बर्फबारी के कारण खैबर पख्तूनख्वा, बलूचिस्तान, गिलगित-बाल्टिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि हिमस्खलन और भारी बर्फबारी के चलते कई प्रमुख सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं, जिससे यात्री विभिन्न स्थानों पर फंसे हुए हैं।
इसके अलावा, भीषण ठंड के बीच बिजली आपूर्ति बाधित हुई है और राहत व बचाव कार्यों में भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
हादसे में जीवित बचा नौ वर्षीय लड़का
खैबर पख्तूनख्वा के चित्राल जिले के सुदूर दक्षिण में स्थित सेरिगल गांव के दामिल क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर हुए एक भीषण हिमस्खलन के कारण एक मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया। लोअर चित्राल के उपायुक्त हाशिम अजीम ने बताया कि मलबे से सभी शवों को बरामद कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस हादसे में नौ वर्षीय एक लड़का जीवित बच गया, जिसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
20 इंच से ज्यादा बर्फबारी
अधिकारियों के अनुसार, यह हिमस्खलन क्षेत्र में 20 इंच से अधिक हुई भारी बर्फबारी के चलते हुआ। उन्होंने बताया कि मृतकों में बच्चा खान, उनकी पत्नी, तीन बेटे, दो बेटियां और दो बहुएं शामिल हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जब यह आपदा आई उस समय परिवार के सभी सदस्य घर के एक कमरे में रात का भोजन कर रहे थे।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

