ट्रंप ने दी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं
नयी दिल्ली, 17 सितंबर 2025 (भाषा)
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फोन किया और उनके 75वें जन्मदिन से पहले उन्हें शुभकामनाएं दीं, जिससे द्विपक्षीय संबंधों में सुधार की उम्मीद जगी है। वाशिंगटन द्वारा भारतीय वस्तुओं पर शुल्क बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने के बाद दोनों देशों के बीच तनाव काफी बढ़ गया था।
मोदी की सोशल मीडिया पोस्ट
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में मोदी ने कहा कि ट्रंप की तरह वह भी भारत-अमेरिका व्यापक एवं वैश्विक साझेदारी को ‘‘नई ऊंचाइयों’’ पर ले जाने के लिए ‘‘पूरी तरह से’’ प्रतिबद्ध हैं प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप को यह भी बताया कि यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में उनकी पहल का भारत समर्थन करता है। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, “मेरे मित्र राष्ट्रपति ट्रंप, मेरे 75वें जन्मदिन पर आपके फोन कॉल और बधाई के लिए धन्यवाद।”
ट्रंप ने दिया मोदी को धन्यवाद
ट्रंप ने कहा कि मोदी बहुत अच्छा काम कर रहे हैं और उन्होंने यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने में प्रधानमंत्री के सहयोग के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी को फोन ऐसे दिन किया, जब भारत और अमेरिका ने प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर नयी दिल्ली में वार्ता का एक नया दौर आयोजित किया।
50 प्रतिशत शुल्क के बाद यह पहली फोन कॉल
अमेरिका द्वारा भारत पर 50 प्रतिशत शुल्क लगाए जाने के बाद यह पहली फोन कॉल है, जिसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यह दोनों नेताओं द्वारा सोशल मीडिया पर संदेशों के आदान-प्रदान के कुछ दिनों बाद हुई है, जिसमें संबंधों को फिर से बेहतर बनाने की मंशा का संकेत दिया गया था।
विदेश से जुडी और ख़बरें पढने के लिए यहां क्लिक करें

