सरे (कनाडा), 08 अगस्त 2025 (भाषा)
कनाडा के सरे में कॉमेडियन कपिल शर्मा के हाल ही में खुले रेस्तरां पर एक महीने से भी कम समय में दूसरी बार गोलीबारी हुई है। सरे पुलिस सर्विस (एसपीएस) ने कहा कि उसके अधिकारी बृहस्पतिवार तड़के न्यूटन इलाके में हुई इस घटना की जांच कर रहे हैं।
निशाने पर शर्मा का ‘‘कैप्स कैफे’
एसपीएस ने प्रतिष्ठान का नाम नहीं बताया लेकिन मीडिया में आई खबरों में बताया गया है कि निशाने पर कपिल शर्मा का ‘‘कैप्स कैफे’ था। एसपीएस ने कहा, ‘‘सात अगस्त 2025 को तड़के लगभग 4:40 बजे अधिकारियों ने 120 स्ट्रीट के 8400 ब्लॉक में स्थित एक कारोबारी प्रतिष्ठान के बाहर गोलीबारी की सूचना पर कार्रवाई की। इसी प्रतिष्ठान पर 10 जुलाई 2025 को भी इसी तरह की घटना हुई थी।’’ मौके पर मौजूद कर्मचारियों को कोई चोट नहीं आई, लेकिन कई गोलियां चलने से खिड़कियों और इमारत को नुकसान पहुंचा।
घटना के बाद कैप्स कैफ़े का बयान
कैफे ने अपने बयान में कहा था, ‘‘यह घटना दिल तोड़ने वाली है। हम इससे उबर रहे हैं, हार नहीं मानेंगे।” इसने अपने बयान में कहा, “हमने कैप्स कैफ़े की शुरुआत इस उम्मीद के साथ की थी कि स्वादिष्ट कॉफ़ी और दोस्ताना बातचीत के ज़रिये गर्मजोशी पैदा कर सकें, समुदाय को करीब और ख़ुशी ला सकें। इस सपने में हिंसा का आ जाना दिल तोड़ने वाला है। हम इस सदमे से उबरने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हार नहीं मानेंगे।”
व्यापार से जुड़ी और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

