पुरी, 26 जून 2025 (भाषा)
भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा से एक दिन पहले बृहस्पतिवार को हजारों की संख्या में श्रद्धालु ओडिशा के पुरी में 12वीं सदी के मंदिर में भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ के ‘नबाजौबन दर्शन’ के लिए उमड़ पड़े। श्रद्धालु सूर्योदय से पहले ही मंदिर के ‘सिंह द्वार’ पर पहुंच गए।
स्नान अनुष्ठान के बाद 11 जून को भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ के सार्वजनिक दर्शन बंद कर दिए गए थे।
भगवान जग्गंनाथ के नबाजौबन दर्शन
श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) के एक अधिकारी के अनुसार, मंदिर सुबह आठ बजे से पूर्वाह्न साढ़े 10 बजे तक ‘नबाजौबन दर्शन’ के लिए भक्तों के लिए खुला रहेगा।
‘नबाजौबन बेशा’ पर, भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ एक विशेष युवा पोशाक पहनते हैं, और यह अनुष्ठान भगवान जगन्नाथ के कायाकल्प का जश्न मनाने के लिए किया जाता है। इस दिन को “नेत्र उत्सव” भी कहा जाता है, जब मूर्तियों की आंखों को रंगा जाता है।
शोधकर्ता भास्कर मिश्रा
जगन्नाथ संस्कृति के शोधकर्ता भास्कर मिश्रा ने कहा, “ऐसा माना जाता है कि स्नान अनुष्ठान के बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा अस्वस्थ हो जाने के कारण सार्वजनिक दर्शन के लिए उपलब्ध नहीं होते हैं। रथ यात्रा से पहले पखवाड़े भर तक वे ‘अनासर घर‘ (अलगाव कक्ष) में पृथक-वास में रहते हैं।”
मिश्रा ने बताया कि मंदिर में गुप्त रूप से यह अनुष्ठान नियुक्त सेवकों द्वारा किया जाता है।
जगन्नाथ रथ यात्रा
27 जून को ग्रैंड रोड पर रथ यात्रा निकाली जाएगी। तीनों रथों में से ‘तालध्वजा’ भगवान बलभद्र का रथ है, देवी सुभद्रा का रथ ‘देवदलन’ और भगवान जगन्नाथ का रथ ‘नंदीघोष‘ है।
एसजेटीए अधिकारी ने कहा, “दोपहर में उन्हें रथ खड़ा (रथ यार्ड) से खींचा जाएगा। रथों को पार्क करने की रस्में निभाई जाएंगी।”
रथ यात्रा के अवसर पर 10,000 सुरक्षाकर्मी
रथ यात्रा के अवसर पर ओडिशा पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के जवानों सहित 10,000 सुरक्षाकर्मियों की भारी तैनाती की गई है। पहली बार, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के कमांडो को भी उत्सव के लिए तैनात किया गया है।
ओडिशा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) वाई बी खुरानिया ने कहा, “एनएसजी के जवान छतों से त्योहार पर नजर रखेंगे, जबकि इस बड़े आयोजन के लिए पुरी शहर में रणनीतिक स्थानों पर करीब 275 एआई-सक्षम कैमरे लगाए गए हैं।”
तटीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ओडिशा समुद्री पुलिस, तटरक्षक और भारतीय नौसेना के कर्मियों को भी तैनात किया गया है।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

