कटनी 1 जुलाई 2025 (दैमप्र)
जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री चरम पर है। कारोबारी पुलिस व आबकारी से बेखौफ होकर शराब बेच रहे हैं। किराना दुकान, चाय-पान के टपरों में खुलेआम शराब बिक रही है। इसका खुलासा पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई से हो रहा है।
पुलिस ने चलाया एक बार फिर : ऑपरेशन शिकंजा
शराब तस्करों के विरुद्ध पुलिस ने एक बार फिर ऑपरेशन शिकंजा चलाया है। शनिवार की रात अभियान चलाया। इस अभियान में पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर 39 अवैध पैकारियों से 249.38 लीटर शराब जब्त की, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग एक लाख 25 हजार 910 रुपए आंकी गई है।जानकारी के अनुसार 39 अवैध शराब पैकारियों पर छापेमारी में 8 थाना प्रभारियों के नेतृत्व में 16 टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने 197.82 लीटर देशी अवैध शराब, 12.24 लीटर विदेशी अवैध शराब बरामद, 13 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब, 26.32 लीटर शराब बनाने की सामग्री लाहन आदि बरामद किया है। 39 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस ने 9 स्थान से, माधवनगर 4,एनकेजे 4 स्थान, स्लीमनाबाद दो, उमरियापान 4, ढीमरखेड़ा 4, विजयराघवगढ़ 4 स्थान, बरही 1 स्थान, रीठी पुलिस 2 स्थान व बाकल पुलिस ने 3 स्थान से शराब जब्त की है।
जारी रहेगा ऑपरेशन शिकंजा अभियान
एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि अवैध पैकरियों व शराब विक्रय के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। सभी थाना प्रभारियों को कड़ाई के साथ रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही पाए जो पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कटनी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

