संविलियन,समय वेतनमान, यात्रा भत्ता,अंशदायी पेशन का लाभ सहित विभिन्न मांगों को पूरा करने सरकार से की मांग
कटनी, 02 अगस्त 2025 (दैमप्र)
तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की घोषणा को पूरा करने शुक्रवार को जिले के समस्त पंचायत सचिवों ने मध्यप्रदेश पंचायत सचिव संगठन के बैनर तले सरकार के नाम जिला पंचायत सीईओ को विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपकर इसे पूरा करने का आग्रह किया।
प्रदेश के 23000 पंचायत सचिवों का संविलियन
ज्ञापन के माध्यम से मध्यप्रदेश पंचायत सचिव संगठन के जिलाध्यक्ष रविशंकर तिवारी ने बताया कि प्रदेश के 23000 पंचायत सचिवों का संविलियन करके शासन के कर्मचारी का दर्जा प्रदाय किया जाए, इस संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केन्द्रीय ग्रामीण विकास विभाग मंत्री शिवराजसिंह चौहान घोषणा कर चुके है, अनेक बार विधानसभा में कार्यवाही प्रचलन में होने का आश्वासन दिया गया है, लेकिन प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है, इससे सरकार के खजाने पर कोई अलग से वित्तीय भार नहीं आता है। स्थानीय निकाय के लगभग ढाई लाख अध्यापकों का संविलियन किया जा चुका है, उसी तर्ज पर पंचायत सचिवों का भी विभाग में संविलियन किया जाए।
यात्रा भत्ता 250 के स्थान पर रूपये 2500 रूपये करने की मांग
समय वेतनमान के विस्तृत दिशा-निर्देश विभाग द्वारा पंचायत सचिवों को समय वेतनमान का लाभ स्वीकृत किया गया है, लेकिन विस्तृत दिशा निर्देश जारी न होने से उपरोक्त लाभ से वंचित है। पंचायत सचिव प्रतिदिन निर्माण कार्यो एवं योजनाओं की मॉनिटरिंग हेतु सतत भ्रमण करते है, ऐसी स्थिति में विशेष यात्रा भत्ता 250 के स्थान पर रूपये 2500 रूपये किया जाए।
ग्लोबल बजट से वेतन भुगतान की मांग
पंचायत सचिव गृह ग्राम पंचायत में अन्य जनपद की ग्राम में पंचायत में पदस्थ होकर मकान किराए से लेकर अपनी सेवाएं दे रहें है, शासकीय कर्मचारियों की भांति गृह भाड़ा भत्ता दिए जाने के निर्देश दिए जाएं। वेतन ग्लोबल बजट से भुगतान विभाग द्वारा 1 तारीख को वेतन भुगतान हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी,जिला पंचायत समस्त को निर्देशित किया गया है लेकिन गौण खनिज में समय सीमा में आबंटन प्राप्त न होने से अभी भी तीन-तीन माह में वेतन भुगतान नहीं हो पा रहा है। शासकीय कर्मचारी की तरह ग्लोबल बजट से वेतन भुगतान करवाने की कृपा करें। ग्राम पंचायत सचिवों को 5 लाख का दुर्घटना बीमा का लाभ स्वीकृत किया जाए। अनुकम्पा नियुक्ति एवं अनुग्रह सहायता वापसी न करने वर्तमान में पिछड़ा वर्ग के पद रिक्त न होने के कारण पिछड़ा वर्ग के अनुकंपा आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति नहीं मिल पा रही है, कृपया कर जो सामान्य वर्ग के पद रिक्त है उन पर पिछड़ा वर्ग के अनुकंपा आश्रितों को नियुक्तियां देने की कृपा करें एवं अनुकंपा नियुक्ति दिए जाने के उपरांत अनुग्रह सहायता डेढ़ लाख रूपये राशि जो वापस ली जाती है उसको कृपा कर मानवीय आधार पर वापस न ली जावे।
पेंशन राशि के लाभ की मांग
अवकाश संबंधी असाधारण राजपत्र क्रमांक 48 दिनांक 19 फरवरी 2024 का अंतिम प्रकाशन सिविल सेवा अवकाश नियम 1977 के सामान अवकाश का लाभ पंचायत सचिव को दिए जाने का कष्ट करें। आयुष्यान कार्ड आयुष्यमान पोर्टल पर पंचायत सचिवों के आयुष्यमान कार्ड बनाए जाने हेतु आप्शन उपलब्ध करवाने की कृपा करें। सेवानिवृत्ति पर ग्रेच्युटी एवं अर्जित अवकाश का नगदीकरण दिए जाने के निर्देश देने का कष्ट करें। पंचायत सचिव को शासन के निर्देशानुसार 2013 से अंशदायी पेशन का लाभ दिया जाना है किन्तु वर्तमान में अलग-अलग जिलों में अलग वित्तीय वर्षों से पेंशन राशि की कटौती की जा रही है अतः वर्ष 2013 से ही पंचायत सचिवों को अंशदायी पेशन का लाभ देने का कष्ट करें।
इस अवसर पर जिले भर से करीब 300 पंचायत सचिव मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर पर अपनी मांगों को शासन के समक्ष रखा और इसे पूरा करने की मांग की।
कटनी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

