नयी दिल्ली, 17 सितंबर 2025 (भाषा)
प्रधानमंत्री मोदी 75 वर्ष के हो गए। इस अवसर पर अनेक गणमान्य व्यक्तियों और नेताओं ने उनके नेतृत्व की सराहना की तथा सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस उपलक्ष्य में 15 दिन से ज्यादा समय के लिए ‘‘सेवा पखवाड़ा’’ शुरू किया है।
केंद्र और राज्यों की भाजपा शासित सरकारों ने दो अक्टूबर तक देश भर में स्वास्थ्य शिविर लगाने से लेकर स्वच्छता अभियान चलाने, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए मेलों और बुद्धिजीवियों के समागम तक कई तरह के जन संपर्क, कल्याण, विकास और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए हैं।
धार जा रहें प्रधानमंत्री मोदी
मोदी स्वयं मध्यप्रदेश के धार जा रहे हैं, जहां वह महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर केंद्रित एक राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत करेंगे। वह जनजातीय आबादी पर केंद्रित एक कार्यक्रम सहित कई अन्य विकास कार्यक्रमों का शुभारंभ करेंगे और लोगों को संबोधित भी करेंगे।
राष्ट्रपति मुर्मू ने दी मोदी को बधाई
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर बुधवार को बधाई दी और देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति का संचार करने के लिए उनकी प्रशंसा की। मुर्मू ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा, ‘‘आज विश्व समुदाय भी आपके मार्गदर्शन में अपना विश्वास प्रकट कर रहा है।’’ राष्ट्रपति ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
उनका आभार व्यक्त करते हुए मोदी ने कहा कि उनकी सरकार 140 करोड़ से अधिक नागरिकों की मदद से एक मजबूत, सक्षम और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए समर्पित रहेगी। उन्होंने उनके दृष्टिकोण और विचारों को प्रेरणादायक बताया।
मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर : राधाकृष्णन
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना रहा है और एक विकसित राष्ट्र के लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ रहा है।
गरीबों के कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता अनुकरणीय : राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मोदी ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व, राष्ट्र के प्रति समर्पण और अथक परिश्रम से देश को नई ऊर्जा दी है और उसे एक नई दिशा दिखाई है। सिंह ने कहा कि उन्होंने विश्व स्तर पर भारत की क्षमता और सम्मान को बढ़ाया है और लोगों व गरीबों के कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता अनुकरणीय है।
मोदी राष्ट्र प्रथम के आदर्श वाक्य की जीवंत प्रेरणा : अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री पिछले पांच दशक से भी अधिक समय से लोगों के कल्याण के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं और वह प्रत्येक नागरिक के लिए ‘राष्ट्र प्रथम’ के आदर्श वाक्य की जीवंत प्रेरणा हैं।
राहुल गांधी और खरगे ने दी मोदी को बधाई
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई दी। खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं।” उन्होंने प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना भी की। राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना है।”
अभिषेक बनर्जी ने दी मोदी को शुभकामनाएं
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं।
जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के बाद मोदी भारत के तीसरे सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले प्रधानमंत्री हैं और निर्बाध कार्यकाल के मामले में दूसरे स्थान पर हैं।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

