बैतूल (मध्यप्रदेश), 17 सितंबर 2025 (भाषा)
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया कि वह आदिवासियों को वनवासी बताकर उनकी अस्मिता को मिटाने की कोशिश कर रही है।
जिले के भैंसदेही में आदिवासी कांग्रेस की ओर से आयोजित तीन दिवसीय आदिवासी अधिकार और सशक्तीकरण शिविर में शामिल होने पहुंचे को मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सच यह है कि भारत की सबसे पुरानी आबादी आदिवासियों की रही है।
पहला अधिकार आदिवासियों का : दिग्विजय सिंह
दिग्विजय सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “हम सब तो सेंट्रल एशिया से आए हैं। असली हक और पहला अधिकार तो आदिवासियों का ही है। वे प्रकृति के पूजक हैं और संविधान उन्हें अपनी आस्था के अनुरूप धर्म पालन का पूरा अधिकार देता है तो फिर आलोचना किस बात की।” राज्यसभा सदस्य सिंह ने भाजपा पर ‘धर्मांतरण की राजनीति’ करने का आरोप भी लगाया और कहा कि उसकी विचारधारा पूरी तरह ‘संकुचित’ है।
धर्म परिवर्तन अगर स्वप्रेरणा से होता है तो अपराध नहीं
दिग्विजय सिंह ने कहा, “यह पार्टी न तो संविधान समझती है और न ही भारत की असली परंपरा को। भाजपा आदिवासियों को वनवासी बताकर उनकी अस्मिता मिटाना चाहती है।” दिग्विजय सिंह ने स्पष्ट किया कि धर्म परिवर्तन अगर आस्था और स्वप्रेरणा से होता है तो अपराध नहीं है। उन्होंने कहा, “लेकिन जबरदस्ती या प्रलोभन से धर्मांतरण स्वीकार्य नहीं। भाजपा इस मुद्दे को सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए उठाती है।”
हम हर जिले में आदिवासी अधिकार शिविर लगाते है : विक्रांत भूरिया
इस अवसर पर आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आदिवासी कांग्रेस को पूरे देश में युवा आदिवासी नेतृत्व तैयार करने की जिम्मेदारी दी है। उन्होंने कहा, “हम हर जिले में आदिवासी अधिकार और सशक्तीकरण शिविर लगाते हैं। इसका उद्देश्य यही है कि युवा पीढ़ी को पता रहे कि कांग्रेस ने देश के लिए क्या किया? आदिवासी के क्या अधिकार हैं? किस तरह से देश में उनका शोषण हो रहा है।”
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

