हाइलाइट्स
| 1. भोपाल में पुलिसकर्मियों की पिटाई से छात्र की हुई मौत। 2. दोनों पुलिसकर्मी तत्काल हुए निलंबित। 3. वीडियो में डंडे से पीटता हुए दिखाई दे रहा है पुलिसकर्मी। |
भोपाल, 11 अक्टूबर 2025 (भाषा)
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिसकर्मियों की पिटाई से छात्र की मौत हो गई। छात्र की पहचान 22 वर्षीय उदित गायके के रूप में हुई है और वह बीटेक की पढ़ाई कर रहा था।
सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित
सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में एक पुलिसकर्मी उदित को पकड़े हुए जबकि दूसरा पुलिसकर्मी उसे डंडे से पीटता हुआ दिखाई दे रहा है।
दोनों पुलिसकर्मी तत्काल निलंबित
भोपाल (जोन 2) के पुलिस उपायुक्त विवेक सिंह ने बताया कि इस मामले में कांस्टेबल संतोष बामनिया और सौरभ आर्य को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि उदित की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की पिटाई से इंजीनियर की मौत
उदित के दोस्तों ने बताया कि वे कल (बृहस्पतिवार) रात इंद्रपुरी में पार्टी कर रहे थे। एक दोस्त देर रात करीब डेढ़ बजे उदित को घर छोड़ने जा रहा था कि तभी उसने पुलिस को देखा और एक गली में भागने लगा। दोनों पुलिसकर्मियों ने उदित का पीछा किया और उसे पीटने लगे। बाद में उदित की शर्ट फटी हुई और शरीर पर चोट के निशान पाए गए। दोस्तों ने दावा किया कि जब उन्होंने पुलिसकर्मियों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने उनसे 10 हजार रुपये मांगे। उदित को उसके दोस्त अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज
“पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेग। परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।”उन्होंने बताया कि मामले की जांच नगर पुलिस अधीक्षक स्तर के एक अधिकारी द्वारा की जा रही है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि उदित के माता-पिता भोपाल में नौकरी करते हैं जबकि उसके बहनोई बालाघाट जिले में पुलिस उपाधीक्षक है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

