मोंथा के भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील होने पर दक्षिणी ओडिशा के आठ जिलों में बारिश

मोंथा के भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील होने पर दक्षिणी ओडिशा के आठ जिलों में बारिश
Share this news

भुवनेश्वर, 28 अक्टूबर 2025 (भाषा)

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि बंगाल की खाड़ी में चक्रवात मोंथा के मंगलवार सुबह भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जाने से दक्षिणी ओडिशा के आठ जिलों में बारिश हुई।

ओडिशा के आठ जिलों में खतरा

आसन्न स्थिति को ध्यान में रखते हुए ओडिशा सरकार ने आठ जिलों मलकानगिरी, कोरापुट, रायगढ़ा, गजपति, गंजाम, नबरंगपुर, कालाहांडी और कंधमाल में निचले इलाकों से और भूस्खलन की आशंका वाले पहाड़ी इलाकों से लोगों को निकाला है और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), ओडिशा आपदा मोचन बल (ओडीआरएएफ) तथा अग्निशमन सेवा के 140 बचाव दल (5,000 से अधिक कर्मी) तैनात किए हैं।

30 अक्टूबर तक स्कूल और आंगनवाड़ी बंद

प्रशासन ने पहले ही नौ जिलों में स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों को 30 अक्टूबर तक बंद करने की घोषणा कर दी है, जबकि पूर्वी तटीय रेलवे ने वाल्टेयर क्षेत्र और उससे जुड़े मार्गों पर चलने वाली कुछ ट्रेनों को रद्द करने, उनके मार्ग बदलने तथा कुछ समय के लिए उन्हें बीच में ही रोकने की घोषणा की है। सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां भी 30 अक्टूबर तक रद्द कर दी गई हैं।

समुद्री तटों को किया सील

विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) डी. के. सिंह ने बताया कि प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को समुद्र तटों पर जाने से रोकने के लिए सभी समुद्री तटों को सील कर दिया है। संवेदनशील स्थानों से निकाले गए लोगों को आठ जिलों में खोले गए 1,400 से अधिक चक्रवात आश्रय स्थलों में रखा गया है, जहां भोजन और अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं को निकटवर्ती अस्पतालों में स्थानांतरित कर दिया गया है। राज्य सरकार ने मछुआरों को 29 अक्टूबर तक ओडिशा तट के पास बंगाल की खाड़ी में न जाने की सलाह दी है।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी आज स्थिति की समीक्षा कर सकते हैं।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements