जम्मू, 14 दिसंबर 2025 (भाषा)
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) द्वारा जम्मू और कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकूट पर्वत पर स्थित पवित्र माता वैष्णो देवी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नवस्थापित एक साधना कक्ष को शनिवार को खोल दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि भवन क्षेत्र में नवस्थापित साधना कक्ष को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं के लिए खोला गया। उन्होंने कहा कि यह आध्यात्मिक वातावरण को और समृद्ध करने तथा आगंतुकों के बीच गहन भक्तिमय जुड़ाव को सुगम बनाने के उद्देश्य से की गई एक महत्वपूर्ण पहल है।
एसएमवीडीएसबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सचिन कुमार वैश्य ने कहा कि माता वैष्णो देवी के गर्भगृह के निकट एक समर्पित साधना कक्ष की स्थापना भवन में आध्यात्मिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए बोर्ड के व्यापक प्रयास का हिस्सा है।
उन्होंने कहा, “हर महीने लाखों श्रद्धालु गहरी आस्था और श्रद्धा के साथ यात्रा करते हैं, साधना के लिए एक शांत स्थान की व्यवस्था से तीर्थयात्रा के समग्र अनुभव में वृद्धि होगी।”
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

