इंदौर में चीनी मांझे ने ली एक और जान, 45 वर्षीय मोटरसाइकिल सवार की मौत

इंदौर में चीनी मांझे ने ली एक और जान, 45 वर्षीय मोटरसाइकिल सवार की मौत
Share this news

इंदौर (मध्यप्रदेश), 12 जनवरी 2026 (भाषा)

इंदौर में रविवार को चीनी मांझे (नायलॉन का तीखा धागा) से गला कटने के कारण 45 वर्षीय मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई।

क्यों खतरनाक है चीनी मांझा?

नायलॉन से बना मांझा इतना तीखा होता है कि इससे जानलेवा घाव हो सकता है। आम जनमानस में ‘चीनी मांझे’ के नाम से मशहूर इस धागे पर प्रशासन ने प्रतिबंध लगा रखा है। इसके बावजूद पतंगबाजी के शौकीन इसे अपने प्रतिद्वंद्वियों की पतंग काटने के लिए इस्तेमाल करते हैं।

चीनी मांझे से गला कटने के कारण हुई मौत

तिलक नगर पुलिस थाने के प्रभारी मनीष लोढ़ा ने बताया कि मोटरसाइकिल से अपने घर जा रहे रघुवीर धाकड़ (45) की खजराना चौराहे और बंगाली चौराहे के बीच पतंग के तीखे धागे से गला कटने के कारण मौत हो गई। उन्होंने कहा, ‘‘हमें सूचना मिली कि धाकड़ की मौत चीनी मांझे से गला कटने के कारण हुई। हम इसकी तसदीक कर रहे हैं।’’

मृतक के मौसेरे भाई लाल सिंह ने बताया कि ‘चीनी मांझे’ से धाकड़ का गला करीब दो इंच की गहराई तक कट गया और ज्यादा खून बह जाने से उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि धाकड़ मकानों में फर्श लगाने के पेशे से जुड़े थे और काम के बाद घर लौट रहे थे।

चीनी मांझे से मौत का यह पहला हादसा नहीं

बहरहाल, शहर में ‘चीनी मांझे’ से गला कटने के कारण सड़क पर किसी व्यक्ति के जान गंवाने का यह कोई पहला मामला नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि 30 नवंबर 2025 को बाईपास रोड पर मोटरसाइकिल चला रहे 16 वर्षीय लड़के की पतंग के धागे से गला कटने के कारण मौत हो गई थी।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements