ग्वालियर में सिंधिया छत्री परिसर में मरम्मत के दौरान मजदूर की गिरकर मौत

ग्वालियर में सिंधिया छत्री परिसर में मरम्मत के दौरान मजदूर की गिरकर मौत
Share this news

ग्वालियर‌, 11 जनवरी 2026 (भाषा)

मध्यप्रदेश के ग्वालियर में सिंधिया राजवंश के छत्री परिसर में मरम्मत कार्य के दौरान शनिवार शाम एक मजदूर की 30 फुट ऊंचाई से गिरने के कारण मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान रवि प्रजापति (35) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और अन्य मजदूरों ने ठेकेदार पर लापरवाही और सुरक्षा उपकरण नहीं देने के आरोप लगाए हैं।

पैर फिसल कर गिरा नीचे मौके पर मौत

पुलिस ने बताया कि छत्री परिसर में मरम्मत कार्य के दौरान रवि लगभग 30 फुट की ऊंचाई पर काम कर रहा था और इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर पड़ा जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौत की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन और अन्य मजदूर मौके पर पहुंचे और उन्होंने हंगामा किया जिसके बाद झांसी रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक के भाई ने लगाए आरोप

मृतक के भाई मोहन प्रजापति ने आरोप लगाया कि ठेकेदार ने मजदूरों को न तो सेफ्टी बेल्ट और हेलमेट उपलब्ध कराए थे तथा न ही मरम्मत कार्य के लिए लगाए गए मचान मजबूत थे। उन्होंने कहा कि लापरवाही के कारण उनके भाई की जान गई और घटना के बाद ठेकेदार मौके से गायब हो गया। उन्होंने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।

झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मजदूर की मौत ऊंचाई से गिरने के कारण हुई है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements