वेटलापलेम (आंध्र प्रदेश), 01 मार्च 2026 (भाषा)
आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में शनिवार को एक पटाखा निर्माण इकाई में हुए विस्फोट में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गयी और आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के घटनास्थल का दौरा कर सकते हैं।
धमाके में 21 लोगों की हुई मौत
मंत्री ने पत्रकारों को बताया, “जहां तक मुझे पता है, यहां (घटनास्थल पर) 21 शव देखे गए हैं। आठ अन्य लोगों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। निर्माण इकाई में लगभग 30 लोग थे।” उन्होंने कहा, “यह राज्य का सबसे बड़ा विस्फोट है। पूरी जानकारी मिलनी अभी बाकी है। किसी के भी बचने की कोई संभावना नहीं है। कुछ लोगों का इलाज चल रहा है।”
उन्होंने कहा कि अधिकारी आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। सभी मजदूर समाज के गरीब तबके से थे। मुख्यमंत्री परिवारों को सहायता देने के संबंध में निश्चित रूप से निर्णय लेंगे। उन्होंने बताया, “लेकिन हम जिंदगियां वापस नहीं ला सकते। मुझे पता चला है कि विस्फोट के समय इकाई में काफी मात्रा में स्टॉक मौजूद था। इसलिए एक छोटी घटना भी बड़ी दुर्घटना में तब्दील हो गयी, क्योंकि सभी चीजें विस्फोटक प्रकृति की थीं।” यह विस्फोट आपराह्न करीब दो बजे हुआ।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि काकीनाडा जिले में पटाखा निर्माण इकाई में हुए विस्फोट से उन्हें गहरा दुख हुआ है। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
मोदी ने कहा, “आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में एक कारखाने में हुए विस्फोट में हुई जानमाल की हानि से मैं व्यथित हूं। मैं अपनों को खोने वाले सभी लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
गृह मंत्री अमित शाह ने किया शोक व्यक्त
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मृतकों के प्रति शोक व्यक्त किया। शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “आंध्र प्रदेश में एक पटाखा कारखाने में हुए भीषण अग्निकांड से मैं अत्यंत व्यथित हूं। बचाव और राहत कार्य जारी हैं और घायलों को चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है। मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं और मैं प्रभावित लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करता हूं।”
मुख्यमंत्री ने हादसे पर जताया दुख
एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने ‘सूर्या फायरवर्क्स’ में पटाखा निर्माण श्रमिकों की मौत पर दुख व्यक्त किया है। नायडू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “काकीनाडा जिले के वेटलापलेम गांव में पटाखा निर्माण इकाई में विस्फोट की घटना में कई लोगों की मौत बेहद दुखद है।” नायडू ने कहा कि उन्होंने दुर्घटना के संबंध में अधिकारियों से बात की और उन्हें पीड़ितों को तत्काल सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, “हम बचाव प्रयासों पर नजर रख रहे हैं और प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए आगे आएंगे।” नायडू ने वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों को दुर्घटनास्थल का दौरा करने का निर्देश दिया।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

