रायवरम (आंध्र प्रदेश), 26 मार्च 2026 (भाषा)
आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले में बृहस्पतिवार को एक निजी बस की एक ट्रक से टक्कर होने के बाद उसमें आग लग जाने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई तथा 22 अन्य घायल हो गए। बस में आग लगने के कारण कई यात्री उसके भीतर फंस गए।
कैसे हुआ यह भयावह हादसा?
यह निजी बस तेलंगाना के जगतियाल से नेल्लोर जिले के कालीगिरि जा रही थी तभी सुबह साढ़े पांच बजे से छह बजे के बीच यह हादसा हुआ। जोरदार टक्कर के कारण ट्रक पलट गया और बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस ट्रक के डीजल टैंक से टकरा गई जिससे उसमें भीषण आग लग गई। बस चालक ने कथित तौर पर कहा कि ‘स्टीयरिंग व्हील’ अटक गया था, प्राधिकारी इस दावे की पुष्टि कर रहे हैं। प्राथमिक आकलन से संकेत मिला कि टक्कर लगने से पहले बस दूसरी लेन में चली गई थी।
दुर्घटना में 14 लोगों की मौत, 22 अन्य घायल
मार्कापुरम के पुलिस अधीक्षक (एसपी) वी हर्षवर्धन राजू ने कहा, ‘‘दुर्घटना में 14 लोगों की मौत हो गई और चालक सहित 23 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना के संबंध में पूरी जानकारी एकत्र करने के प्रयास जारी हैं।’’

मुख्यमंत्री नायडू ने दुर्घटना पर जताया शोक
मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने इस दुर्घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों को पर्याप्त चिकित्सकीय सहायता देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को दुर्घटना के कारणों की व्यापक जांच करने और रिपोर्ट सौंपने का भी निर्देश दिया।
राष्ट्रपति मुर्मू ने हादसे पर शोक जताया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे में लोगों की मौत होने पर शोक जताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले में बस हादसे के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’’
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख,
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस हादसे में लोगों के मारे जाने पर दुख जताया और प्रत्येक मृतक के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दिए जाने की घोषणा की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले में हुआ हादसा दुखद है। अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति मैं संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रत्येक मृतक के परिजन को पीएमएनआरएफ से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।’’
सवार थे करीब 35 यात्री
यह निजी यात्री बस तेलंगाना के जगित्याल से नेल्लोर जिले के कालीगिरि जा रही थी और इसमें करीब 35 यात्री सवार थे।दुर्घटना में ट्रक का चालक भी घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

