देवास/ इंदौर, 15 मई 2026 (भाषा)
मध्यप्रदेश के देवास जिले में बृहस्पतिवार को पटाखा कारखाने में धमाके में बुरी तरह झुलसे दो और मजदूरों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर पांच हो गई है, जबकि 23 श्रमिकों का इलाज चल रहा है।
फैक्ट्री संचालक पर लगा NSA
अधिकारियों ने बताया कि टोंक कलां क्षेत्र में संचालित पटाखा कारखाने के लाइसेंसी मालिक अनिल मालवीय को सख्त प्रावधानों वाले राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक मालवीय के नाम जारी पटाखा लाइसेंस को निलंबित कर दिया गया है।
5 मजदूरों की मौत, 23 मरीजों का इलाज जारी
देवास के अतिरिक्त जिलाधिकारी (एडीएम) संजीव जैन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया,‘‘देवास के एक निजी अस्पताल में भर्ती दो मजदूरों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे मृतकों की कुल संख्या बढ़कर पांच पर पहुंच गई है।’’ अग्निकांड में झुलसे 23 मरीजों में शामिल तीन लोगों को इंदौर के शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है । अन्य मरीज इंदौर एवं देवास के अलग अलग अस्पताल में भर्ती हैं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जताया दुख
मुख्यमंत्री मोहन यादव इस अस्पताल में पहुंचे और मरीजों के हाल-चाल जाने। उन्होंने संवाददाताओं से कहा,‘‘हमने पटाखा कारखाने के मालिक पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्रवाई की है। हम घटना की विस्तृत जांच करा रहे हैं और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगामी कदम उठाए जाएंगे।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ राज्य सरकार इस मामले में किसी भी दोषी को नहीं बख्शेगी। यह घटना एक तरह से सबक भी है और हम उम्मीद करेंगे कि इसकी पुनरावृति नहीं हो।’’
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

