अमेठी (उप्र), 20 मई 2026 (भाषा)
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के अमेठी के एक दिवसीय दौरे से पहले बुधवार को यहां राजनीतिक माहौल गर्म हो गया, जब पूरे निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस और स्थानीय सांसद किशोरी लाल शर्मा पर निशाना साधने वाले पोस्टर लगे दिखे।
अमेठी में कांग्रेस सांसद के खिलाफ पोस्टर
रेलवे स्टेशन, प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड, कलेक्ट्रेट परिसर और मुंशीगंज में संजय गांधी अस्पताल के बाहर सहित कई स्थानों पर लगाए गए पोस्टरों में कांग्रेस सांसद के कामकाज के प्रदर्शन पर सवाल उठाए गए और उनके कार्यकाल की तुलना पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व सांसद स्मृति ईरानी के कार्यकाल से की गई।
2019 में स्मृति ने राहुल को हराया
राहुल गांधी 2004 से 2019 तक अमेठी के सांसद रहे थे। 2019 के चुनाव में भाजपा नेता स्मृति ईरानी ने उन्हें हरा दिया था। इसके बाद उन्होंने 2024 के चुनाव में रायबरेली सीट जीतकर लोकसभा की सदस्यता ली, जबकि गांधी परिवार के करीबी शर्मा इस चुनाव में अमेठी से ईरानी को हराकर लोकसभा पहुंचे।
अमेठी में पोस्टर : “दो साल किशोरी, तुमने लाल क्या किया?
बुधवार सुबह यहां की दीवारों पर दिखाई दिए एक पोस्टर में लिखा था, “दो साल किशोरी, तुमने लाल क्या किया?” (किशोरी, तुमने दो साल में क्या किया?) पोस्टरों में आरोप लगाया गया कि सांसद बनने के बाद से शर्मा ने जनता को केवल एक स्कूल बस और एक एम्बुलेंस प्रदान की है। इसमें आगे दावा किया गया कि स्कूल बस एक कांग्रेस नेता से जुड़े स्कूल को दी गई थी, जबकि एम्बुलेंस उनसे जुड़े एक ट्रस्ट द्वारा संचालित अस्पताल में सेवा में लगाई गई थी।
पोस्टरों में किशोरी लाल की तुलना स्मृति ईरानी से
अन्य ऐसे पोस्टरों में शर्मा के दो साल के कार्यकाल की तुलना स्मृति ईरानी के पांच साल के कार्यकाल से की गई और दावा किया गया कि पूर्व भाजपा सांसद ने अमेठी में सड़क, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और रोजगार से संबंधित कई विकास कार्य किए हैं।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

