तिरुवनंतपुरम, 07 जुलाई 2026 (भाषा)
केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने मंगलवार को कहा कि कल्लाडी में हुए भूस्खलन में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि सात अन्य घायल हुए हैं और सात लोग लापता हैं। यह भूस्खलन कल्लाडी में मीनाक्षी पुल के पास हुआ, जहां कोझिकोड और वायनाड जिलों को जोड़ने वाली सुरंग सड़क परियोजना का काम चल रहा था।
ठेकेदारों ने नहीं माना निर्देश
सतीशन ने यहां पत्रकारों से कहा कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के मंत्री पी. के. बशीर और जिलाधिकारी ने ठेकेदारों को क्षेत्र में बड़ी मात्रा में जमा मिट्टी के मलबे को हटाने के निर्देश काफी पहले ही दे दिए थे। केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (केएसडीएमए) के कार्यालय में अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा, “हालांकि, ठेकेदारों ने इन निर्देशों का पालन नहीं किया।” उन्होंने कहा, “यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। बचाव प्रयास जारी हैं।”
मौसम की चेतावनी नहीं, प्रशासनिक चूक बनी कारण
पत्रकारों के सवालों के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि मौसम संबंधी उचित चेतावनी जारी नहीं होना भूस्खलन का कारण नहीं था, बल्कि अधिकारियों के निर्देशों के अनुसार समय पर मिट्टी नहीं हटाए जाने की वजह से यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि आवश्यक बचाव दल क्षेत्र में पहुंच रहे हैं और पुलिस के साथ-साथ दमकल कर्मियों को पहले ही मौके पर तैनात किया जा चुका है।
बचाव कार्य जारी, मौसम बन रहा बाधा
मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि तलाश और बचाव अभियान के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि घटना से पहले क्षेत्र में भारी बारिश हुई थी, हालांकि वर्तमान में बारिश की तीव्रता कम हो गई है लेकिन यह बचाव कर्मियों के लिए मुश्किलें पैदा कर रही है।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

