जम्मू, 07 जुलाई 2026 (भाषा)
जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से अमरनाथ यात्रा के लिए इस वर्ष अब तक का सबसे बड़ा जत्था मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रवाना हुआ। इस जत्थे में 31 विदेशी नागरिकों सहित कुल 8,815 श्रद्धालु शामिल हैं।
संख्या 1 लाख के पार पहुंचने की उम्मीद
यात्रा के पहले चार दिन में दक्षिण हिमालय में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र गुफा मंदिर में 93,000 से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। आज यह संख्या एक लाख के पार पहुंचने की उम्मीद है। अधिकारियों के अनुसार, छठे जत्थे में 5,831 पुरुष, 2,193 महिलाएं, 31 बच्चे, 598 साधु, 131 साध्वियां और 31 विदेशी नागरिक शामिल हैं।
इनमें से 181 वाहनों में सवार 3,989 श्रद्धालु मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले स्थित बालटाल आधार शिविर के लिए रवाना हुए, जबकि 182 वाहनों में सवार 4,826 श्रद्धालु दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में स्थित पारंपरिक पहलगाम मार्ग के लिए निकले।
अब तक 34,829 श्रद्धालु रवाना
मंगलवार को रवाना हुए जत्थे के साथ ही दो जुलाई को अमरनाथ यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक जम्मू के आधार शिविर से कुल 34,829 श्रद्धालु कश्मीर के लिए रवाना हो चुके हैं। श्रद्धालुओं के रवाना होने के दौरान भगवती नगर आधार शिविर ‘बम-बम भोले’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय बर्फानी बाबा की’ के जयकारों से गूंज उठा। कई श्रद्धालुओं ने यात्रा के सुचारु संचालन के लिए की गई व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।
28 अगस्त को होगी संपन्न अमरनाथ यात्रा
पवित्र गुफा मंदिर की 57 दिनों तक चलने वाली अमरनाथ यात्रा 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन संपन्न होगी।
बिना पंजीकरण नहीं मिलेगी अनुमति
इस बीच, जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने अमरनाथ यात्रा पर जाने की योजना बना रहे बिना पंजीकरण वाले श्रद्धालुओं से कुछ दिनों के लिए अपनी यात्रा स्थगित करने की अपील की है। प्रशासन ने कहा कि श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व भीड़ के कारण नौ जुलाई तक के सभी पंजीकरण पहले ही भर चुके हैं। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल पंजीकृत श्रद्धालुओं को ही कश्मीर की ओर जाने की अनुमति दी जाएगी। बिना पंजीकरण वाले श्रद्धालुओं को नए पंजीकरण कोटे उपलब्ध होने तक निर्धारित जांच चौकियों पर रोक दिया जाएगा।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

