बड़वानी में शादी से इनकार को लेकर महाविद्यालय में छात्रा पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार

बड़वानी में शादी से इनकार को लेकर महाविद्यालय में छात्रा पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार
Share this news

बड़वानी, 16 सितंबर 2026 (भाषा)

मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में शादी से इनकार किए जाने को लेकर मंगलवार को एक युवक ने एक शासकीय महाविद्यालय में 18 वर्षीय छात्रा पर दिनदहाड़े चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

सेंधवा थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुशवाह ने बताया कि शासकीय महाविद्यालय में 18 वर्षीय छात्रा अपनी कक्षा से बाहर निकली थी, तभी गणेश ठाकुर (18) ने उससे शादी की इच्छा जाहिर की। उन्होंने बताया कि शादी से छात्रा के इनकार करने पर आक्रोशित ठाकुर ने उस पर देशी पिस्तौल तान दी लेकिन ‘ट्रिगर’ दबाने पर गोली नहीं चली जिसके बाद उसने चाकू से युवती पर हमला कर दिया।

कुशवाह ने बताया कि हमले के दौरान युवती के पलट जाने से चाकू उसकी गर्दन पर लगा, जिससे वह घायल हो गई। उन्होंने बताया कि मौके पर मौजूद विद्यार्थियों और महाविद्यालय के कर्मचारियों ने ठाकुर को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।

कुशवाह ने बताया कि हमले में घायल युवती को सेंधवा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के संबद्ध प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements