पटना, 01 अक्टूबर 2026 (भाषा)
नेपाल और उत्तर प्रदेश में हुई भारी बारिश के बाद गंडक नदी कई स्थानों पर अपने पिछले सर्वाधिक बाढ़ स्तर (एचएफएल) से ऊपर बह रही है, जिससे बिहार में कुछ तटबंधों पर अत्यधिक दबाव बना हुआ है।
22 सेमी ऊपर बह रही गंडक नदी, तटबंधों पर बढ़ा खतरा
जल संसाधन विभाग (डब्ल्यूआरडी) की ओर से बृहस्पतिवार को जारी एक बयान के अनुसार, गोपालगंज के डुमरियाघाट में पिछले लगभग 36 घंटे से गंडक नदी का जलस्तर पिछले सर्वकालिक उच्चतम बाढ़ स्तर से करीब 22 सेंटीमीटर ऊपर बना हुआ है। वहीं, सारण के रेवा घाट और वैशाली के लालगंज में जलस्तर पिछले लगभग 21घंटे से एचएफएल से करीब 22 सेंटीमीटर ऊपर बना हुआ है। बयान के मुताबिक, इससे गंडक के बाएं और दाएं दोनों तटबंधों पर अत्यधिक दबाव पैदा हो गया है।
तटबंध टूटने से बढ़ी जल संसाधन विभाग की चिंता
इसमें कहा गया है कि बुधवार रात सारण जिले के पनापुर प्रखंड में दायां सारण तटबंध टूट गया। वहीं, मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज प्रखंड में तिरहुत मुख्य तटबंध के तहत आने वाला रिंग तटबंध भी टूट गया। बयान में कहा गया, ‘‘गंगा भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे गंडक में पानी का दबाव बन रहा है तथा स्थिति और गंभीर हो गई है। कई संवेदनशील स्थानों पर पानी के रिसाव की सूचना मिली है, जहां बाढ़ नियंत्रण के लिए व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं और चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है।’’
48 घंटे तक हाइड्रोलिक दबाव बने रहने की आशंका
डब्ल्यूआरडी ने कहा कि हालांकि गंडक का जलस्तर अब घट रहा है, लेकिन यह पिछले उच्चतम बाढ़ स्तर से ऊपर बना हुआ है और अगले 48 घंटे तक नदी का हाइड्रोलिक दबाव बने रहने की आशंका है। विभाग ने कहा कि अन्य संवेदनशील स्थान फिलहाल सुरक्षित और नियंत्रण में हैं। डब्ल्यूआरडी के अनुसार, बिहार की कई अन्य नदियों का जलस्तर भी बृहस्पतिवार को बढ़ता रहा। कई निगरानी केंद्रों पर बागमती, बूढ़ी गंडक और घाघरा में जलस्तर बढ़ने का रुख दर्ज किया गया।
बाढ़ से 20 जिले प्रभावित
विभिन्न नदियों के जलस्तर में वृद्धि के कारण कई जिलों के निचले इलाकों में बाढ़ का असर पड़ा है। प्रभावित जिलों में पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सुपौल, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णिया, मधेपुरा और अरवल शामिल हैं।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

