नयी दिल्ली, 01 जुलाई 2026 (भाषा)
पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच विमान ईंधन (एटीएफ) और वाणिज्यिक एलपीजी की कीमतों में बुधवार को कटौती की गई। वहीं, निजी ईंधन खुदरा कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल–डीजल के दाम घटाए, जो दो साल से अधिक समय में उसकी पहली कटौती है।
एटीएफ की कीमतों में पांच रुपये प्रति लीटर की कटौती
उद्योग सूत्रों ने बताया कि एटीएफ की कीमतों में पांच रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई, जिससे दिल्ली में इसकी कीमत घटकर लगभग 110 रुपये प्रति लीटर रह गई। हालिया पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण कीमतों में आई तेजी के बाद यह पहली कटौती है।
वाणिज्यिक एलपीजी की नई कीमत
तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) ने भी वाणिज्यिक एलपीजी के दाम 183.50 रुपये प्रति 19 किलोग्राम सिलेंडर घटा दिए। यह इस वर्ष की पहली कटौती है। वाणिज्यिक एलपीजी की नई कीमत अब 2,930 रुपये प्रति सिलेंडर होगी जबकि पिछले महीने यह बढ़कर 3,113 रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी, जब भू-राजनीतिक तनावों के कारण कच्चे तेल की कीमतें बढ़ गई थीं।
घरेलू एलपीजी सिलेंडर में कोई बदलाव नहीं
इसके साथ ही पांच किलोग्राम वाले मार्केट प्राइस/फ्री ट्रेड एलपीजी (एफटीएल) सिलेंडर की कीमत भी 13 रुपये घटाकर 808.50 रुपये कर दी गई। घरेलू इस्तेमाल वाले 14.2 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया और यह 942 रुपये पर बनी रही।
पेट्रोल-डीजल की कीमत घटाई
इस बीच, नायरा एनर्जी ने अपने 7,000 से अधिक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल की कीमत पांच रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत तीन रुपये प्रति लीटर घटा दी है।
सरकारी कंपनियों ने नहीं बदले पेट्रोल-डीजल के दाम
सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) का देश के 90 प्रतिशत से अधिक ईंधन बाजार पर नियंत्रण हैं। इन्होंने कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया।
दिल्ली में आईओसी पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पर बेच रही है। यह कटौती प्रभावी रूप से नयारा की पिछली वृद्धि को उलट देती है और दो साल से अधिक समय में किसी भी खुदरा कंपनी द्वारा पहली कटौती है।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

