नयी दिल्ली, 14 सितंबर 2025 (भाषा)
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने 15 वर्षीय गायक-संगीतकार जोनस कॉनर की तारीफ करते हुए लोगों से युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की अपील की।
सलमान ने की तारीफ
खान ने रविवार को अपनी ‘इंस्टाग्राम स्टोरी’ में जोनस कॉनर के वीडियो का एक ‘स्क्रीनशॉट’ साझा किया और कहा कि लोगों को ऐसी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना चाहिए, देश में कई प्रतिभाशाली बच्चे हैं। उन्होंने लिखा, ‘‘मैंने कभी नहीं देखा कि कोई 15 साल का बच्चा अपने दर्द को इतनी खूबसूरती से अभिव्यक्त कर सके… भगवान तुम्हें आशीर्वाद दे जोनस।’’
खान ने साझा की युवा गायक के गानों की सूची
अभिनेता ने युवा गायक के उन गानों की सूची साझा की, जिन्हें वह सुन रहे हैं। उन्होंने लिखा कि वह ‘फादर इन अ बाइबल’, ‘पीस विद पेन’, ‘ओ अप्पालाचिया’ को बार-बार सुन रहे हैं। सलमान ने लिखा, ‘‘ऐसे बच्चों का समर्थन नहीं किया तो फिर क्या किया। भाइयो और बहनो, ये इंग्लिश में है… यहां पर भी ऐसे बहुत हैं। उन्हें प्रोत्साहित करो, शोषण नहीं।’’
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

