प्रधानमंत्री मोदी ने किया सांसदों के लिए फ्लैट का उद्घाटन, सामूहिक रूप से त्योहार मनाने का आह्वान भी किया

प्रधानमंत्री मोदी ने किया सांसदों के लिए फ्लैट का उद्घाटन, सामूहिक रूप से त्योहार मनाने का आह्वान भी किया
Share this news

नयी दिल्ली, 11 अगस्त 2025 (भाषा)

प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को सांसदों के लिए राष्ट्रीय राजधानी के बाबा खड़क सिंह मार्ग पर बने फ्लैट के बहुमंजिला परिसर का उद्घाटन किया और सुझाव दिया कि इनमें रहने वाले सांसदों को भारत के विभिन्न त्योहार सामूहिक रूप से मनाना चाहिए तथा स्वच्छता पर प्रतिस्पर्धा करना चाहिए।

मोदी ने कहा कि परिसर में विभिन्न राज्यों के सांसदों का रहना ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना का प्रतीक होगा और यदि वे अपने-अपने राज्यों के त्योहार यहां सामूहिक रूप से मनाएं तो यह अच्छा कदम होगा।


परिसर के चार टॉवर में से एक का नाम ‘कोसी’

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने प्रतिद्वन्द्वियों पर तंज करते हुए कहा कि परिसर के चार टॉवर में से एक का नाम ‘कोसी’ रखा गया है और कुछ लोग इसे आगामी बिहार विधानसभा चुनाव से जोड़ सकते हैं, लेकिन ‘छोटी सोच’ वाले ऐसे लोगों को वह यह बताएंगे कि नदियों के नाम पर टॉवर का नामकरण करने की परंपरा लोगों को आपस में जोड़ती है। उन्होंने कहा, ‘‘ये नदियां, जो लाखों लोगों को जीवन देती हैं, अब जनप्रतिनिधियों के जीवन में आनंद की नयी लहर लाएंगी।’’


क्या-क्या हैं सुविधाएं?

1 बाबा खड़क सिंह मार्ग पर बना यह नया परिसर संसद भवन के करीब है और इसमें टाइप-7 श्रेणी के 184 बहुमंजिला फ्लैट हैं।

2 प्रत्येक फ्लैट का कारपेट एरिया 5,000 वर्ग फुट से अधिक है।

3 परिसर में हरित प्रौद्योगिकी अपनाई गई है और यह जीआरआईएचए तीन-स्टार रेटिंग और राष्ट्रीय भवन संहिता 2016 के मानकों के अनुरूप है, जिससे ऊर्जा संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन और कचरा प्रबंधन में मदद मिलेगी।

4 हर आवासीय इकाई में रिहायशी और आधिकारिक कार्य दोनों के लिए पर्याप्त स्थान है। इसमें कार्यालय, कर्मचारियों के आवास और सामुदायिक केंद्र जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं, जिससे सांसद अपने दायित्वों का प्रभावी रूप से निर्वाह कर सकेंगे।

5 परिसर की सभी इमारतें भूकंप रोधी हैं, जिनमें आधुनिक संरचना के मानकों का पालन किया गया है। निवासियों की सुरक्षा के लिए समग्र एवं व्यापक सुरक्षा प्रणाली की व्यवस्था की गई है।


‘इक्कीसवीं सदी का भारत विकास के लिए जितना संवेदनशील है, उतना ही उत्सुक है।’’

2004 से 2014 के बीच लोकसभा सांसदों के लिए कोई नया आवास नहीं बना, जबकि उनकी सरकार ने अब तक करीब 350 आवास बनाए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इक्कीसवीं सदी का भारत विकास के लिए जितना संवेदनशील है, उतना ही उत्सुक है।’’

उनकी सरकार ने नया सरकारी सचिवालय, संसद भवन और सांसदों के लिए आवास बनवाए तथा गरीबों के लिए भी चार करोड़ मकान बनवाए, सैकड़ों मेडिकल कॉलेज तैयार किए और नलों के जरिये लोगों के घरों तक पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की।


पुराने सांसद आवास हो चुके थे जर्जर

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पुराने सांसद आवास जर्जर हो चुके थे और कई समस्याएं पैदा करते थे, लेकिन आधुनिक सुविधाओं वाले ये नए फ्लैट सांसदों को ऐसी कोई दिक्कत नहीं होने देंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब सांसद अपनी निजी परेशानियों से मुक्त होंगे, तो वे जनता को अधिक समय दे पाएंगे तथा उनकी समस्याएं हल कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि इन फ्लैट से पुराने घरों की मरम्मत पर खर्च होने वाले धन की भी बचत होगी।

उन्होंने कहा कि परिसर में विभिन्न राज्यों के सांसदों का रहना ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना का प्रतीक होगा और यदि वे अपने-अपने राज्यों के त्योहार यहां सामूहिक रूप से मनाएं तो यह अच्छा कदम होगा।


मोदी ने परिसर में लगाया सिंदूर का पौधा

प्रधानमंत्री मोदी ने परिसर में सिंदूर का एक पौधा भी लगाया। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया था, जिसमें पाकिस्तान स्थित नौ आतंकी शिविरों को निशाना बनाया गया था। इसके बाद से विभिन्न आयोजनों में अक्सर प्रधानमंत्री ने सिंदूर का पौधा लगाया है।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements