नयी दिल्ली, 31 अक्टूबर 2025 (भाषा)
अमेरिका ने ईरान में चाबहार बंदरगाह पर अमेरिकी प्रतिबंधों से भारत को छह महीने की छूट दी है। ये प्रतिबंध 29 सितंबर से लागू होने थे, लेकिन दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद एक महीने की छूट दी गई। छह महीने की नयी छूट 29 अक्टूबर से प्रभावी होगी।
चाबहार बंदरगाह के लिए छह महीने की छूट
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपनी साप्ताहिक प्रेस वार्ता में बताया, “ईरान में चाबहार बंदरगाह के लिए हमें अमेरिकी प्रतिबंधों से छह महीने की छूट दी गई है।” पिछले महीने, डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने ईरान में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण चाबहार बंदरगाह के संबंध में 2018 के प्रतिबंधों में छूट को रद्द करने के अपने फैसले की घोषणा की थी।
ईरान के दक्षिणी छोर पर सिस्तान-बलूचिस्तान प्रांत में स्थित चाबहार बंदरगाह के विकास में भारत एक प्रमुख भागीदार है। वर्तमान में, भारत इस बंदरगाह पर शाहिद बेहेश्टी टर्मिनल का संचालन कर रहा है।
पिछले महीने हुई थी प्रतिबंध की घोषणा
अमेरिकी विदेश विभाग ने पिछले महीने कहा था कि चाबहार बंदरगाह का संचालन करने वाले और अन्य संबंधित गतिविधियों में शामिल लोगों को 29 सितंबर से अमेरिका ईरान स्वतंत्रता और प्रसार-रोधी अधिनियम (आईएफसीए) के तहत प्रतिबंधों का सामना करना पड़ेगा।
चाबहार बंदरगाह का विकास जारी
भारत और ईरान द्वारा संपर्क और व्यापार संबंधों को बढ़ावा देने के लिए चाबहार बंदरगाह का विकास किया जा रहा है। दोनों देश चाबहार बंदरगाह को अंतरराष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारे (आईएनएसटीसी) का एक अभिन्न अंग बनाने पर भी ज़ोर दे रहे हैं। आईएनएसटीसी भारत, ईरान, अफगानिस्तान, आर्मेनिया, अजरबैजान, रूस, मध्य एशिया और यूरोप के बीच माल ढुलाई के लिए 7,200 किलोमीटर लंबी विभिन्न माध्यम वाली परिवहन परियोजना है।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

