नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर 2026 (भाषा)
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले दिल्ली हवाई अड्डे पर हिरासत में लिए जाने के बाद एहतियातन गिरफ्तार किए गए कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेताओं अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को रविवार सुबह कार्यकारी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किए जाने के बाद रिहा कर दिया गया।
‘शांति बनाए रखने’ की शर्त पर मिली रिहाई
कॉजपा की कानूनी मामलों की प्रमुख रत्ना सिंह ने बताया कि उन्हें इस शर्त पर रिहा किया गया है कि वे एक साल तक ‘‘शांति भंग’’ नहीं करेंगे। कॉजपा ने एक बयान में तीनों नेताओं की रिहाई को ‘‘बड़ी कानूनी जीत’’ बताया।
दीपके, सौरव रांका को किया रिहा
संगठन ने एक बयान में कहा, ‘‘दिल्ली पुलिस द्वारा करीब 24 घंटे तक गैरकानूनी तरीके से एहतियातन हिरासत में रखे जाने के बाद दिल्ली की कार्यकारी मजिस्ट्रेट अदालत ने कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को रिहा कर दिया।’’
‘कॉकरोच कभी नहीं मरते’ : कॉजपा
कॉजपा ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के मद्देनजर राजधानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच की गई ‘‘मनमानी हिरासतों’’ की तीखी आलोचना हो रही है और उन्हें कानूनी चुनौती भी दी जा रही है। कॉजपा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा, ‘‘आखिरकार दिल्ली पुलिस को अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को रिहा करने के लिए मजबूर होना पड़ा। कॉकरोच कभी नहीं मरते।’’
50,000 रुपये के बांड और शांति बनाए रखने की शर्त
इससे पहले, दिल्ली पुलिस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था कि सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करने के बाद तीनों को एहतियातन गिरफ्तार किया गया और रविवार को दिल्ली कैंट स्थित विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (एसईएम) की अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने कहा, ‘‘एक साल की अवधि के लिए शांति बनाए रखने और अच्छे आचरण की शर्त पर 50,000 रुपये का बांड भरवाया गया, जिसके बाद एसईएम अदालत ने उन्हें रिहा कर दिया।’’
7,000 से अधिक लोगों को लिया था हिरासत में
शनिवार को कॉजपा नेताओं को हिरासत में लिया गया था। यह कार्रवाई दिल्ली में सुरक्षा के अत्यधिक कड़े इंतजामों के बीच हुई, जहां प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर पहुंचने से रोकने के लिए विभिन्न स्थानों पर 7,000 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया था।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

