पीएम मोदी और ट्रंप के बीच विशेष संबंध का दावा अब बेनकाब हो चुका है : कांग्रेस

पीएम मोदी और ट्रंप के बीच विशेष संबंध का दावा अब बेनकाब हो चुका है : कांग्रेस
Share this news

नयी दिल्ली, 08 अगस्त 2025 (भाषा)

कांग्रेस ने पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर के फिर से प्रस्तावित अमेरिकी दौरे को लेकर शुक्रवार को कहा कि पीएम मोदी और ट्रंप के बीच विशेष रिश्ता होने का दावा अब पूरी तरह बेनकाब हो गया है।


जयराम रमेश ने उठाए पीएम मोदी और ट्रंप के विशेष सम्बन्ध पर सवाल

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘फील्ड मार्शल आसिम मुनीर, जिसकी भड़काऊ और सांप्रदायिक टिप्पणियों ने 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले की पृष्ठभूमि तैयार की थी, अब अमेरिका का बेहद प्रिय बन चुका है। राष्ट्रपति ट्रंप ने 18 जून 2025 को उसे वाशिंगटन में एक अप्रत्याशित भोज पर आमंत्रित किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तानी सेना प्रमुख एक बार फिर अमेरिका जा रहा है, इस बार सेवानिवृत्त हो रहे अमेरिकी केंद्रीय कमान के प्रमुख जनरल माइकल कुरिल्ला के विदाई समारोह में शामिल होने के लिए। जनरल कुरिल्ला वही हैं, जिन्होंने 10 जून 2025 को पाकिस्तान को ‘आतंकवाद विरोधी अभियानों में एक शानदार साझेदार’ बताया था। यह एक अजीबोगरीब प्रमाण-पत्र था।’’


भारत अमेरिका विशेष सम्बन्ध का दावा अब बेनकाब : जयराम रमेश

रमेश के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ विशेष संबंध का दावा करते रहे हैं, लेकिन अब यह दावा पूरी तरह बेनकाब हो चुका है। उन्होंने कहा, ‘‘ जनवरी 2025 से अब तक अमेरिका ने भारत में कोई स्थायी राजदूत नियुक्त नहीं किया है और न ही किसी नाम को पुष्टि के लिए अमेरिकी सीनेट में भेजा गया है, जबकि चीन जैसे अन्य अहम देशों के लिए यह प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।’’

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements