नयी दिल्ली, 03 दिसंबर 2025 (भाषा)
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 12 वार्ड में हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सात, आम आदमी पार्टी (आप) ने तीन, जबकि कांग्रेस और ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक ने भी एक-एक वार्ड पर जीत दर्ज की।
सभी 12 वार्डों के रिजल्ट घोषित
एमसीडी के 12 वार्ड में हुए उपचुनाव के लिए सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 10 मतगणना केंद्रों पर मतों की गिनती शुरू हुई। ये नगर निकाय उपचुनाव भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे थे क्योंकि इस साल फरवरी में दिल्ली में सत्ता में आने के बाद यह उसकी पहली बड़ी चुनावी लड़ाई है।
वार्डों में चुनाव रिजल्ट घोषत
- भाजपा उम्मीदवार सुमन कुमार गुप्ता ने चांदनी चौक वार्ड से ‘आप’ के प्रत्याशी हर्ष शर्मा को 1,182 मतों के अंतर से हराया।
- भाजपा ने शालीमार बाग बी वार्ड में भी जीत दर्ज की है जहां अनीता जैन ने 10,000 से अधिक मतों के अंतर से ‘आप’ प्रत्याशी बबीता राणा को हराया है।
- ‘आप’ ने मुंडका और दक्षिणपुरी वार्ड जीते
- कांग्रेस के सुरेश चौधरी ने भाजपा के सुभाजीत गौतम को हराकर संगम विहार ए वार्ड पर जीत हासिल की।
- अशोक विहार वार्ड में भाजपा की वीना असीजा और ‘आप’ की सीमा गोयल के बीच कड़ी टक्कर थी, लेकिन असीजा ने 405 मतों के अंतर से जीत हासिल कर ली।
- ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के उम्मीदवार मोहम्मद इमरान ने आम आदमी पार्टी के मुदस्सर उस्मान को 4,692 मतों के अंतर से हराकर चांदनी महल सीट जीत ली।
- भाजपा ने दिचाऊं कलां और ग्रेटर कैलाश वार्ड के अलावा द्वारका-बी वार्ड भी जीत लिया।
- भाजपा की मनीषा रानी ने ‘आप’ की राज बाला को 9,100 मतों के अंतर से हराकर द्वारका-बी वार्ड पर जीत हासिल की।
- नारायणा सीट पर आम आदमी पार्टी के राजन अरोड़ा ने भाजपा के चंद्रकांत शिवानी को महज 148 वोटों से हराया।
30 नवंबर को 12 वार्डों में हुआ था मतदान
उपचुनाव के लिए 30 नवंबर को जिन 12 वार्ड में मतदान हुआ था, उनमें से नौ पर पहले भाजपा और बाकी पर आप पर कब्जा था। दिल्ली राज्य निर्वाचन आयोग ने मतगणना के लिए सभी व्यवस्थाएं की हैं। मतगणना के लिए कंझावला, पीतमपुरा, भरत नगर, सिविल लाइंस, राउज एवेन्यू, द्वारका, नजफगढ़, गोल मार्केट, पुष्प विहार और मंडावली में 10 केंद्र बनाए गए हैं।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

