हेड और क्लासेन के अर्धशतक, सनराइजर्स ने मुंबई को हराकर जीत का ‘पंजा’ लगाया

हेड और क्लासेन के अर्धशतक, सनराइजर्स ने मुंबई को हराकर जीत का ‘पंजा’ लगाया
Share this news

मुंबई, 30 अप्रैल 2026 (भाषा)

ट्रेविड हेड और हेनरिक क्लासेन के तूफानी अर्धशतक से सनराइजर्स हैदराबाद ने इंडियन प्रीमियर लीग में बुधवार को यहां सलामी बल्लेबाज रेयान रिकेल्टन के शतक पर पानी फेरते हुए मुंबई इंडियन्स को छह विकेट से हराकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की।

सनराइजर्स पहुंची तीसरे स्थान पर

इस जीत से सनराइजर्स की टीम नौ मैच में 12 अंक के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। मुंबई की टीम आठ मैच में चार अंक के साथ नौवें स्थान पर है।

249 रन बनाकर की जीत दर्ज

मुंबई के 244 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स ने हेड (76 रन, 30 गेंद, आठ छक्के, चार चौके) और अभिषेक शर्मा (45 रन, 24 गेंद, तीन छक्के, चार चौके) के बीच पहले विकेट की 8.4 ओवर में 129 रन की साझेदारी के बाद हेनरिक क्लासेन (नाबाद 65 रन, 30 गेंद, चार छक्के, सात चौके) के अर्धशतक से 18.4 ओवर में चार विकेट पर 249 रन बनाकर जीत दर्ज की।

क्लासेन ने नितीश कुमार रेड्डी (21) के साथ चौथे विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी भी की। सलील अरोड़ा ने अंत में 10 गेंद में दो चौकों और तीन छक्कों से नाबाद 30 रन बनाए।

मुंबई इंडियन्स ने सनराइजर्स को दिया 243 का लक्ष्य

रिकेल्टन ने इससे पहले अपने करियर और मुंबई के इतिहास की सर्वश्रेष्ठ पारी के दौरान 55 गेंद में आठ छक्कों और 10 चौकों से नाबाद 123 रन बनाए जिससे मुंबई इंडियन्स ने पांच विकेट पर 243 रन का स्कोर खड़ा किया। रिकेल्टन ने विल जैक्स (46) के साथ पहले विकेट के लिए 93, नमन धीर (22) के साथ तीसरे विकेट के लिए 55 और कप्तान हार्दिक पंड्या (31) के साथ चौथे विकेट के लिए 56 रन की साझेदारी भी की।

प्रफुल्ल हिंगे की सफल गेंदबाज

सनराइजर्स की ओर से प्रफुल्ल हिंगे सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 54 रन देकर दो विकेट चटकाए जबकि इशान मलिंगा ने 29, नितीश कुमार रेड्डी ने 31 और साकिब हसन ने 39 रन देकर एक-एक विकेट हासिल किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे सनराइजर्स को अभिषेक और हेड ने तेजतर्रार शुरुआत दिलाई। अभिषेक ने ट्रेंट बोल्ट और जसप्रीत बुमराह पर छक्के मारे। हेड हालांकि भाग्यशाली रहे जब बोल्ट की गेंद पर नमन उनका कैच लपकने में नाकाम रहे और गेंद छह रन के लिए चली गई। उन्होंने इसी ओवर में दो और छक्के मारे।

क्लासेन ने जड़ा अर्धशतक

क्लासेन ने गजनफर की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ तेवर दिखाए और फिर अश्वनी पर चार चौके जड़े। सनराइजर्स को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 51 रन की दरकार थी। क्लासेन ने गजनफर पर छक्के के साथ सिर्फ 22 गेंद में मौजूदा सत्र का चौथा अर्धशतक पूरा किया और फिर इस स्पिनर पर एक और छक्का जड़ा।

मुंबई इंडियन्स ने जीता टॉस

इससे पहले पंड्या ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। कलाई में चोट के कारण क्विंटन डिकॉक के बाहर होने पर मुंबई ने जैक्स और रिकेल्टन को पारी का आगाज करने का मौका दिया और दोनों ने पावर प्ले में 78 रन जोड़कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई।

रिकेल्टन ने जड़ा 44 गेंद पर शतक

रिकेल्टन ने नितीश की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के बाद एक रन के साथ 44 गेंद में अपना पहला आईपीएल शतक पूरा किया जो टीम की ओर से सबसे तेज शतक है। रिकेल्टन ने नितीश पर चौके के साथ आठवें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया और फिर अगली गेंद पर छक्के के साथ 23 गेंद में अर्धशतक जड़ा।

हार्दिक पंड्या को साक़िब हुसैन ने पवेलियन भेजा

पंड्या ने भी हिंगे की लगातार गेंदों पर दो चौके और एक छक्के के साथ 16वें ओवर में टीम के रनों का दोहरा शतक पूरा किया लेकिन इसके बाद साकिब की गेंद पर लॉन्ग ऑफ पर क्लासेन को कैच दे बैठे। उन्होंने 15 गेंद का समना करते हुए दो छक्के और इतने ही चौके मारे।

सनराइजर्स हैदराबाद टीम

ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अनिकेत वर्मा, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे, ईशान मलिंगा, स्मरण रविचंद्रन, लियाम लिविंगस्टोन, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल, कामिंडु मेंडिस, जयदेव उनादकट, जीशान अंसारी, शिवम मावी, गेराल्ड कोएट्जी, दिलशान मदुशंका, क्रेन्स फुलेट्रा, ओंकार तरमाले, अमित कुमार।

मुंबई इंडियंस टीम

क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), दानिश मालेवार, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, शार्दुल ठाकुर, कृष भगत, अश्विनी कुमार, जसप्रीत बुमराह, एएम गजनफर, राज बावा, विल जैक्स, मयंक रावत, रोहित शर्मा, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, रयान रिकेलटन, रघु शर्मा, केशव महाराज, मयंक मारकंडे, रॉबिन मिंज, मोहम्मद सलाउद्दीन इजहार। 

स्पोर्ट्स की और खबरें पढ़ने की लिए यहाँ क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements