बेंगलुरू, 03 सितंबर 2025 (भाषा)
भारत और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के सुपरस्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने आईपीएल खिताब जीतने के जश्न में चार जून को हुई भगदड़ के बारे में कहा है कि यह उनकी टीम का सबसे खुशी का दिन हो सकता था जो 11 लोगों की मौत के बाद दर्दनाक बन गया ।
बेंगलुरू भगदड़ से खुशी का पल दुखद घटना में बदल गया
आरसीबी के 18 साल में पहली बार आईपीएल खिताब जीतने के बाद एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर जश्न के लिये ढाई लाख प्रशंसकों के जमा होने के बाद भगदड़ मच गई थी । विराट कोहली ने आरसीबी के एक्स हैंडिल पर कहा ,‘‘ आप कभी भी इस तरह दिल तोड़ने वाली घटना का सामना नहीं करना चाहते । जो हमारी टीम के इतिहास का सबसे खुशी का पल होना चाहिए था, वह एक दुखद घटना में बदल गया।’’
विराट कोहली का भावुक बयान
‘‘ मैं अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों और चोटिल हुए अपने प्रशंसकों के बारे में सोचता हूं और प्रार्थना करता हूं । आपकी क्षति अब हमारी कहानी का हिस्सा है । हम मिलकर सावधानी, सम्मान और जिम्मेदारी से आगे बढेंगे ।’’ घटना की आधिकारिक जांच में बताया गया कि इस अराजकता का कारण उचित मंजूरी का अभाव और अत्यधिक भीड़ थी, जो फ्रेंचाइजी द्वारा सोशल मीडिया पर भेजे गए निमंत्रणों के कारण उमड़ी थी।
स्पोर्ट्स की और खबरें पढ़ने की लिए यहाँ क्लिक करें

