विश्व स्कूल टीम चैंपियनशिप : वेलाम्मल विद्यालय ने जीता स्वर्ण पदक

विश्व स्कूल टीम चैंपियनशिप : वेलाम्मल विद्यालय ने जीता स्वर्ण पदक
Share this news

नयी दिल्ली, 07 अगस्त 2025 (भाषा)

चेन्नई के वेलाम्मल विद्यालय ने अमेरिका के वर्जीनिया में आयोजित विश्व स्कूल टीम चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी उपलब्धियों में और इजाफा किया है। सबसे युवा विश्व चैंपियन डी गुकेश और ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा ने इसी स्कूल से पढ़ाई की है।


तैयार किए कई ग्रैंडमास्टर

चेन्नई के मोगाप्पैर इलाके में स्थित वेलाम्मल एमएचएस स्कूल शतरंज क्रांति के पीछे एक बड़ी ताकत रहा है क्योंकि यह सैकड़ों उभरते हुए शतरंज खिलाड़ियों को विशेषज्ञ प्रशिक्षण प्रदान करता है। वेलाम्मल एमएचएस स्कूल ने 2005 के बाद से कई ग्रैंडमास्टर दिए हैं जिनमें एसपी सेतुरमन, मेंडोंका, के प्रियदर्शन, बी अधिबान, विष्णु प्रसन्ना, विशाख एनआर, विग्नेश एनआर, एम कार्तिकेयन, सी अरविंद, कार्तिक वेंकटरमन, वी प्रणव, एस भरत, अर्जुन कल्याण, पी कार्तिकेयन और एन श्रीनाथ शामिल हैं।


वेलाम्मल विद्यालय ने आठ मैच जीतकर जीता स्वर्ण पदक

शतरंज की वैश्विक संचालन संस्था फिडे ने बृहस्पतिवार को लिखा, ‘‘आठ रोमांचक दौर के बाद 2025 विश्व स्कूल टीम चैंपियनशिप आज वर्जीनिया के अलेक्जेंड्रिया में संपन्न हुई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एपिस्कोपल हाई स्कूल के खूबसूरत परिसर में आयोजित इस प्रतियोगिता में दुनिया भर के कुछ सबसे प्रतिभाशाली युवा शतरंज खिलाड़ियों ने चुनौती पेश की। परफेक्ट स्कोर के साथ बाकियों से आगे निकलते हुए भारत के वेलाम्मल एमएचएस स्कूल ने अपने सभी आठ मैच जीतकर स्वर्ण पदक जीता।’’ फिडे ने कहा कि वेलाम्मल एमएचएस स्कूल की जीत शतरंज में भारत के बढ़ते खिताबों में एक और अध्याय जोड़ती है।

स्पोर्ट्स की और खबरें पढ़ने की लिए यहाँ क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements