बड़वानी में कड़कड़ाती ठंड में झाड़ियों में घंटों लावारिस पड़ी रही नवजात बच्ची, इलाज के दौरान मौत

बड़वानी में कड़कड़ाती ठंड में झाड़ियों में घंटों लावारिस पड़ी रही नवजात बच्ची, इलाज के दौरान मौत
Share this news

बड़वानी/इंदौर, 21 नवंबर 2025 (भाषा)

मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में कड़कड़ाती ठंड के बीच झाड़ियों में लावारिस छोड़ दी गई नवजात बच्ची ने बृहस्पतिवार को अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर चिखलिया मलान गांव में एक राहगीर ने बुधवार रात एक नाले के किनारे झाड़ियों में पड़ी नवजात बच्ची के रोने की आवाज सुनी।

बच्ची के शरीर पर लपेटा दुपट्टे जैसा पतला कपड़ा

कड़कड़ाती ठंड में बच्ची के शरीर पर दुपट्टे जैसा पतला कपड़ा लिपटा मिला। पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद बच्ची को पहले एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां से उसे जिला चिकित्सालय में नवजात शिशुओं की विशेष देखभाल की इकाई (एसएनसीयू) में भेज दिया गया।

चिकित्सक नहीं बचा सके बच्ची की जान

मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. सुरेखा जमरे ने संवाददाताओं को बताया,‘‘बच्ची का जन्म प्रसूति के तय वक्त से पहले हो गया था और उसका वजन सामान्य नवजात बच्चों के मुकाबले कम था। कई घंटे तक ठंड में पड़े रहने से उसकी हालत बिगड़ गई थी।” चिकित्सक तमाम प्रयासों के बाद भी बच्ची की जान नहीं बचा सके और उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस तलाश रही, किसने जन्म दिया, कौन छोड़ गया

सीएमएचओ ने बताया,”ऐसा प्रतीत होता है कि बच्ची की मौत हाइपोथर्मिया (शरीर का तापमान सामान्य से बहुत नीचे गिर जाना) के कारण हुई। हालांकि, इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही हो सकेगी।” सिलावद थाने के प्रभारी वीर सिंह चौहान ने बताया कि नवजात बच्ची को लावारिस छोड़े जाने पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के संबद्ध प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements