अनूपपुर (मध्यप्रदेश), 21 सितंबर (भाषा)
मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा रेलवे स्टेशन के पास शनिवार देर रात एक मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। विलासपुर मुख्यालय वाले दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन में हुए इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है और रविवार सुबह तक रेल यातायात के लिए मार्ग बहाल कर दिया गया।
रात 11.30 बजे हुई यह घटना
राज्य परिवहन एवं राजमार्ग अनुसंधान परिषद (एसईसीआर) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) विपुल भास्कर ने रविवार सुबह छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि रात करीब 11.30 बजे पटरी से उतरने की घटना के बाद दो घंटे में अप और डाउन लाइनों पर यातायात बहाल कर दिया गया। उन्होंने कहा कि लूप लाइन को बहाल करने का काम जारी है।
स्टेशन से लगभग 100 मीटर की दूरी पर हुई यह दुर्घटना
एसईसीआर के बिलासपुर मंडल के प्रचार निरीक्षक अंबिकेश साहू ने कहा कि दुर्घटना कोटमा स्टेशन से लगभग 100 मीटर की दूरी पर हुई, जब मालगाड़ी कोयला लोडिंग के लिए गोविंदा साइडिंग की ओर जा रही थी। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर रेलवे की एक टीम मौके पर पहुंच गई।
साहू ने कहा, “ट्रेन के पटरी से उतरने के कारणों की रेलवे प्रशासन जांच कर रहा है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

