बालाघाट (मप्र), 30 मार्च 2026 (भाषा)
मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में एक कार के अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक गड्ढे में गिरने के बाद आग लगने से उसमें सवार एक बच्चे सहित एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जिंदा जलकर मौत हो गई जबकि उनके दो रिश्तेदार गंभीर रूप से झुलस गए।
पलटते ही कार बनी आग का गोला
बैहर थाना प्रभारी (एसएचओ) जयंत मस्कोले ने बताया कि यह दुर्घटना शनिवार देर रात बैहर-मालाजखंड मार्ग पर केलवारी चौराहे के पास हुई। उन्होंने कहा कि गनीमत रही कि परिवार के एक पड़ोसी की बेटी पूर्वी रहांगडाले (8) इस हादसे में बाल-बाल बच गई। मस्कोले ने बताया कि सभी पीड़ित स्थानीय थे और सभी छह लोग पूजा करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि गाड़ी सीरम केलकर चला रहे थे और कार अनियंत्रित होकर एक गड्ढे में गिर गई।उन्होंने कहा कि गाड़ी में तुरंत आग लग गई और उसमें सवार सभी लोग अंदर फंस गए।

दो घायल अस्पताल में भर्ती
हादसे में सीतम केलकर (35) और उनकी मां नानाबाई केलकर (60) गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उन्हें गोंदिया के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान:
- नगारची केलकर (65)
- बहू सविता केलकर (32)
- पोते अभि केलकर (4)
राहगीरों ने तोड़े कांच, बचाईं जानें
एसएचओ ने कहा कि कुछ राहगीरों ने दुर्घटना को देखा और जलती हुई कार की खिड़की के शीशे तोड़कर उसमें सवार तीन लोगों को बचा लिया। उन्होंने कहा कि हालांकि, वे तीन लोगों को बचा नहीं सके क्योंकि आग की लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। दमकलकर्मियों के साथ पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी तरह से जल चुकी थी।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

