देहरादून, 30 मार्च 2026 (भाषा)
देहरादून के राजपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह कथित तौर पर रास्ता देने को लेकर दो कार सवारों के बीच विवाद के दौरान हुई गोलीबारी में सेना के एक सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर की मौत हो गई।
सुबह सैर पर निकले सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर को लगी गोली
मसूरी रोड पर जोहड़ी गांव में सुबह उस समय हुई जब दिल्ली पंजीकरण नंबर वाली एक फॉर्च्यूनर कार और उसके पीछे आ रही एक स्कॉर्पियो एन में सवार लोगों के बीच रास्ता देने को लेकर विवाद हो गय स्कॉर्पियो में सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर कार का पीछा करते हुए उसके टायर पर गोलियां चलाईं जो सुबह की सैर पर निकले सेना के सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी (74) को लग गईं। जोशी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई।
कार सवार लोगों के साथ की मारपीट, वाहन को किया क्षतिग्रस्त
पुलिस के मुताबिक, टायर पर गोली लगने से फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर जोहड़ी स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो कार में सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर सवार लोगों के साथ मारपीट की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना में फॉर्च्यूनर कार में सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें उनके साथियों ने अस्पताल पहुंचाया।
आरोपियों की तलाश जारी
घटना के बाद स्कॉर्पियो में सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। देहरादून के पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए पूरे जिले में नाकेबंदी कर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

